कफ सिरप के वांछितों से रिश्ते स्पष्ट करें अखिलेश यादव : ब्रजेश पाठक

लखनऊ, कोडीन कफ सिरप मामले को लेकर उत्तर प्रदेश के उप मुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक ने समाजवादी पार्टी पर बड़ा हमला बोला है। शुक्रवार को मीडिया से बातचीत के दौरान पाठक ने कफ सिरप मामले में वांछित लोगों की सपा मुखिया अखिलेश यादव के साथ मौजूद तस्वीरें साझा करते हुए सवाल उठाया कि आखिर इन लोगों से सपा मुखिया के क्या रिश्ते हैं, इसे सार्वजनिक रूप से स्पष्ट किया जाना चाहिए।
ब्रजेश पाठक ने कहा कि सपा कफ सिरप मामले में वांछित लोगों को सम्मान देने का काम कर रही है। ये वही लोग हैं जो प्रदेश सरकार को बदनाम करने की कोशिश कर रहे हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि यह पूरा समूह समाजवादी पार्टी से जुड़ा हुआ है और इनका संरक्षण सपा द्वारा किया गया है।
उन्होने कहा कि समाजवादी पार्टी अपने पाप सरकार पर मढ़ने का प्रयास कर रही है, जबकि प्रदेश सरकार कफ सिरप मामले की निष्पक्ष जांच करा रही है। उन्होंने भरोसा दिलाया कि जांच में जल्द ही दूध का दूध और पानी का पानी हो जाएगा और जो भी दोषी होगा, उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
उप मुख्यमंत्री ने कहा कि सपा के लोग प्रदेश को माफिया, भ्रष्टाचार, कदाचार और गुंडागर्दी की ओर धकेलते रहे हैं। अब उन्हें दूसरों पर आरोप लगाने के बजाय अपने गिरेबान में झांकना चाहिए। उन्होंने दोहराया कि भाजपा सरकार पूरी प्रतिबद्धता के साथ कानून का पालन कर रही है और किसी को भी बख्शा नहीं जाएगा।
वहीं एक अन्य बयान में ब्रजेश पाठक ने समाजवादी पार्टी पर सनातन संस्कृति के विरोध का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि सपा को वंदे भारत ट्रेन, श्रीराम, वृंदावन के बांके बिहारी, काशी विश्वनाथ और महाकुंभ से भी चिढ़ है। सनातन धर्म को सपा फूटी आंख से देखना नहीं चाहती और तुष्टिकरण की राजनीति की सारी हदें पार कर चुकी है।
उन्होने कहा कि सपा की मानसिकता पूरी तरह सनातन विरोधी है और उनके नेता केवल सुर्खियां बटोरने के लिए उल्टी-सीधी बयानबाजी करते हैं। यह सब उनकी तुष्टिकरण की राजनीति का हिस्सा है, जिसे देश और प्रदेश की जनता देख रही है और कभी माफ नहीं करेगी।
ब्रजेश पाठक ने कहा कि भाजपा सकारात्मक राजनीति कर रही है और प्रदेश को आगे बढ़ाने के लिए लगातार काम कर रही है। आज उत्तर प्रदेश में वर्ल्ड क्लास इंफ्रास्ट्रक्चर तैयार हो चुका है और लॉ एंड ऑर्डर देश में नंबर एक है।





