लखनऊ , समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने कहा है कि उनकी पार्टी कमजोर पिछड़ों की ताकत बनकर, सोती भाजपा सरकार को जगाएंगी और किसान, बेरोजगार, मंहगाई और बिगड़ी कानून व्यवस्था से त्रस्त जनता के हितों के लिए संघर्ष करती रहेगी।
उन्होने कहा कि समाजवादी पार्टी की प्रतिबद्धताएं सामान्य व्यक्ति के सुख-दुःख, रोटी-रोजगार से जुड़ी है। वह गरीब, कमजोर, पिछड़ों , किसान की आवाज उठाती है। भाजपा को पूंजीघरानों की चिंता है। जनता भाजपा की बहकाने वाली चालों को खूब समझ रही है। उसका जवाब वह सन् 2019 में जरूर देगी।
अखिलेश यादव ने कहा कि उत्तर प्रदेश की सत्तारूढ़ भारतीय जनता पार्टी ने जनता को सिर्फ धोखा दिया है। उसका जनहित के कार्यो पर कोई ध्यान नहीं है। भाजपा का रवैया किसान एवं जन विरोधी है। उन्होंने कहा कि अपनी कमियों पर निगाह न डालकर सपा पर विधानसभा की कार्यवाही में बाधा डालने का आक्षेप लगाना अमर्यादित और घोर निंदनीय है।
समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष ने कहा कि लोकतांत्रिक व्यवस्था में जनता हित में आवाज उठाना विपक्ष का दायित्व है। उसके इस अधिकार और दायित्व पर सवाल उठाना स्वयं में लोकतंत्र की अवमानना करना है। सच तो यह है कि प्रदेश में अराजकता और अशांति है। जनाक्रोश की अभिव्यक्ति समाजवादी पार्टी के विधायक करते हैं तो यह उनकी लोकतांत्रिक जिम्मेदारी है। भाजपा को विपक्ष को डराने धमकाने की भाषा नहीं बोलनी चाहिए।
अखिलेश यादव ने कहा कि भाजपा सत्ता के मद में चूर है। प्रदेश में दिनों दिन कानून-व्यवस्था की स्थित खराब हो रही है। किसानों की बदहाली पर चर्चा करते हुए उन्होंने कहा कि पुराना आलू सड़ गया हैं और नए आलू की फसल की कीमत अभी तक तय नहीं है।