कलयुगी बेटे ने पिता की गोली मारकर की हत्या , शव के टुकड़े कर ड्रम में छिपाया

लखनऊ, लखनऊ के आशियाना थाना क्षेत्र में रिश्तों को झकझोर देने वाली सनसनीखेज घटना सामने आई है। जहां एक कलयुगी युवक ने विवाद के बाद अपने ही पिता की गोली मारकर हत्या कर दी और साक्ष्य छिपाने के लिए शव के टुकड़े कर ड्रम में छिपा दिया। पुलिस ने आरोपी बेटे को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार थाना आशियाना में गुमशुदगी संख्या 06/26 के तहत मानवेंद्र सिंह पुत्र सुरेंद्र पाल सिंह, निवासी एल-91 सेक्टर-एल, आशियाना, लखनऊ के लापता होने की रिपोर्ट दर्ज की गई थी। मामले की जांच के दौरान पुलिस ने गुमशुदा व्यक्ति के 21 वर्षीय पुत्र अक्षत प्रताप सिंह से गहन पूछताछ की। पूछताछ में आरोपी ने स्वीकार किया कि 20 फरवरी को सुबह करीब 4:30 बजे किसी बात को लेकर पिता-पुत्र के बीच विवाद हुआ था। इसी दौरान आवेश में आकर उसने अपने पिता को गोली मार दी, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई।
घटना के बाद आरोपी ने साक्ष्य छिपाने के लिए शव को तीसरी मंजिल से नीचे लाकर भूतल के एक खाली कमरे में रखा और शव के अंगों को काटकर कुछ हिस्सों को सदरौना क्षेत्र के पास फेंक दिया। वहीं शेष शव के अंग को एक ड्रम में छिपाकर रख दिया था।
घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का निरीक्षण किया। फॉरेंसिक टीम को बुलाकर साक्ष्य संकलित किए जा रहे हैं। पुलिस ने आरोपी को हिरासत में लेकर आवश्यक विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है। पुलिस अधिकारियों के अनुसार, प्राप्त साक्ष्यों के आधार पर संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है।





