Breaking News

कलयुगी मां ने चार बच्चों को नदी में डुबाया, तीन के शव मिले

औरैया,  उत्तर प्रदेश में औरैया जिले के फफूंद क्षेत्र में गुरुवार को घरेलू कलह के चलते विवाहिता ने अपने चार बच्चों को नदी में डुबाकर मारने की कोशिश की, जिसमें तीन बच्चों की मौत हो गई जबकि चौथा बच गया।

घटना के बाद से मां फरार हो गई। पुलिस ने तीन बच्चों के शव बरामद कर लिए हैं। कुछ घंटे बाद पुलिस ने मां को हिरासत में ले लिया है जिससे पूछताछ की जा रही है।

पुलिस सूत्रों ने बताया कि क्षेत्र के गांव अटा बरूआ निवासी प्रियंका (27) की शादी इटावा के बसरेहर निवासी अवनीश से हुई थी, जिससे चार बच्चे है। दो साल पहले पति अवनीश की करंट लगने से मौत हो गई। इसके बाद प्रियंका चचेरे देवर औरैया निवासी आशीष के साथ पत्नी के रूप में साथ रहने लगी। कुछ दिनों से दोनों में विवाद हो रहा था।

इस पर गुरुवार की सुबह प्रियंका अपने चारों बच्चों को लेकर घर से निकल पड़ी और ऑटो करके केश्मपुर में सेंगर नदी के घाट पर पहुंच गई। जहां से प्रियंका ने अपनी ताई गीता को फोन करके कहा कि वह मरने जा रही है और फोन काट दिया। ताई गीता तलाशने औरैया गई लेकिन प्रियंका घर पर नही मिली। इधर प्रियंका ने चारों बच्चो को कुछ नशीला पदार्थ खिलाकर नदी में डूबो दिया। ग्रामीणों को आते देख वह वहां से भाग गई।

सूचना पर पुलिस पहुंची और एक आठ साल का बच्चा सोनू को बाहर निकाला जिसने नाम पता और घटनाक्रम बताया। इस पर परिजनों को सूचना दी गई। गोताखोर ने नदी से छह साल के आदित्य और चार साल के माधव के शव को बाहर निकाल लिया जबकि डेढ़ के मंगल का शव करीब दो घंटे बाद मिला।

सूचना पर एसपी चारु निगम भी मौके पर पहुंच गई और मामले की जांच पड़ताल की। इधर पुलिस ने प्रियंका को भी हिरासत में ले लिया है। जिससे पूछताछ की जा रही है। एसपी चारु निगम ने बताया की घटना के सही कारणों का पता लगाया जा रहा है। बच्चों के शवों का पंचनामा भर कर पोस्टमार्टम के लिए भेजा जा रहा है।