Breaking News

कल्याण सिंह को श्रद्धाजंलि अर्पित करेंगे प्रधानमंत्री मोदी

लखनऊ, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और राष्ट्रीय स्वयं सेवक प्रमुख मोहन भागवत समेत तमाम राजनेता, मंत्री और सामाजिक संगठन की हस्तियां भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के दिग्गज नेता एवं राम मंदिर आंदोलन के प्रणेता कल्याण सिंह को श्रद्धासुमन अर्पित करेंगी।

श्री सिंह का शनिवार देर रात लखनऊ के एसजीपीजीआई में लंबी बीमारी के बाद निधन हो गया था। प्रदेश में तीन दिनों का राजकीय शोक है। आधिकारिक सूत्रों ने बताया कि श्री मोदी दिवंगत नेता के माल एवन्यू स्थित आवास पर जाकर उन्हे श्रद्धासुमन अर्पित करेंगे और शोक संतप्त परिजनों को सांत्वना देंगे।

राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) प्रमुख मोहन भागवत, वरिष्ठ नेता दत्तात्रेय होसबाले, भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जय प्रकाश नड्डा, गृह मंत्री अमित शाह, रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह समेत तमाम हस्तियां दिवंगत नेता के अंतिम दर्शनों को आ रही हैं।

श्री मोदी ने अपने शोक संदेश में कहा “मेरा दुख, शब्दों से परे है. कल्याण सिंह जी, राजनेता, अनुभवी प्रशासक, जमीनी स्तर के नेता और महान इंसान. उत्तर प्रदेश के विकास में उनका अमिट योगदान है। भारत के सांस्कृतिक उत्थान में उनके योगदान के लिए आने वाली पीढ़ियां हमेशा कल्याण सिंह जी की आभारी रहेंगी। वह दृढ़ता से भारतीय मूल्यों में निहित थे और हमारी सदियों पुरानी परंपराओं पर गर्व करते थे। कल्याण सिंह जी ने समाज के लिए वंचित तबके के करोड़ों लोगों को आवाज दी। उन्होंने किसानों, युवाओं और महिलाओं के सशक्तीकरण की दिशा में कई प्रयास किए।

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने शनिवार देर रात 11.30 बजे मंत्रिमंडल की आपात बैठक बुलाकर शोक प्रस्ताव पारित किया। पूर्व मुख्यमंत्री का पार्थिव शरीर सुबह नौ से 11 बजे तक विधान भवन में रखा जायेगा जिसके बाद 11 से एक बजे तक भाजपा के प्रदेश मुख्यालय में दर्शनों के लिए रखा जायेगा।

श्री सिंह के पार्थिव शरीर को अपरान्ह करीब दो बजे उनके पैतृक जिले अलीगढ़ के अतरौली में ले जाया जायेगा जहां सोमवार को नरोरा में गंगा नदी के तट पर पूरे राजकीय सम्मान के साथ उनका अंतिम संस्कार किया जाएगा। अंत्येष्टि वाले दिन राज्य सरकार ने सार्वजनिक अवकाश की घोषणा की है ताकि जनता अपने प्रिय नेता के अंतिम दर्शन कर सके। राज्य में तीन दिनो तक कोई सरकारी कार्यक्रम नहीं होंगे और इस दौरान राष्ट्रीय ध्वज आधा झुका रहेगा।