Breaking News

कश्मीर में रात के तापमान में गिरावट

श्रीनगर,  केन्द्र शासित प्रदेश जम्मू-कश्मीर के कुछ क्षेत्रों में बारिश और ओलावृष्टि होने के बाद मंगलवार को घाटी में रात के तापमान में गिरावट दर्ज की गयी तथा अगले 24 घंटे तक मौसम शुष्क रहने के आसार हैं।

मौसम विभाग ने मंगलवार को यह जानकारी दी। विभाग ने बताया कि गुरुवार को हल्की बारिश और गरज के साथ बौछारें पड़ने का अनुमान है। श्रीनगर सहित कश्मीर घाटी के विभिन्न भागों में बारिश होने के बाद रात के तापमान में गिरावट दर्ज की गयी जबकि उत्तर कश्मीर के बारामूला जिले में कुछ स्थानों पर ओलावृष्टि होने पर बगानों को नुकसान पहुंचा।

इस दौरान श्रीनगर में आसमान साफ रहा और यहां तापमान सोमवार के 12.2 की तुलना में मंगलवार को नौ डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। वर्ष के इस समय के लिए तापमान सामान्य से 0.3 डिग्री नीचे दर्ज किया गया। शहर में 1.5 मिमी बारिश हुई।

उत्तर कश्मीर के गुलमर्ग स्की रिजॉर्ट में 2.8 मिमी बारिश दर्ज की गयी और सोमवार रात के तापमान 4.4 डिग्री की तुलना में मंगलवार को न्यूनतम तापमान 1.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।

दक्षिण कश्मीर स्थित पर्यटन स्थल पहलगाम में न्यूनतम तापमान 2.8 डिग्री सेल्सियस रहा और 12.3 मिमी बारिश दर्ज की गयी। काजीगुंड में सोमवार को तापमान 9.6 डिग्री सेल्सियस की तुलना में मंगलवार को 6.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया जबकि कोकरनाग में 6.0 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।

उत्तर कश्मीर के कुपवाड़ा का न्यूनतम तापमान 7.2 डिग्री सेल्सियस रहा और इस दौरान 0.8 मिमी बारिश दर्ज की गयी।