Breaking News

कांग्रेस और आप के झांसे में नहीं आएंगी जनता: मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव

नई दिल्ली,  मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव ने आज विपक्षी दल कांग्रेस और आम आदमी पार्टी (आप) पर जमकर हमला करते हुए कहा कि चुनाव जीतने के लिए कांग्रेस और दिल्ली के पूर्व मुख्यमंत्री केजरीवाल तरह-तरह का प्रपंच रचेंगे, लेकिन जनता उनके झांसे में नहीं आने वाली है।

मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव ने दिल्ली की विकासपुरी, उत्तम नगर, नजफगढ़, एवं मालवीय नगर विधानसभाओं में जनसभा व प्रबुद्धजन सम्मेलन को संबोधित किया। उन्होंने नांगलोई विधानसभा में रोड शो कर भाजपा प्रत्याशियों के लिए समर्थन मांगा। डॉ यादव ने कहा कि चुनाव में अब लगभग 48 घंटों का समय बाकी है। लेकिन इस दौरान हमें सतर्क रहना है। ‘रावण’ की तरह सोच रखने वाले लोग फिर नाटक करने आएंगे। ये सोने का मृग दिखाएंगे। इनकी नीयत खराब है। ये चुनाव जीतने के लिए कई तरह के प्रपंच रचेंगे। लेकिन ये कितने ही षडयंत्र रच लें, जनता को इनके झांसे में नहीं आना है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि यहां मौजूद हर व्यक्ति ये संकल्प ले कि जब तक आखिरी वोट न पड़ जाए, कमल सिपाही बनकर तैनात रहना है। हर व्यक्ति अपने आपको श्री नरेंद्र मोदी मानते हुए तब तक सक्रिय रहे, जब तक अंतिम वोट न डाल दिया जाए। उन्होंने कहा कि हमारे बीच में दो देवता हुए हैं, भगवान श्री राम और भगवान श्री कृष्ण। इन दोनों ने ही अपने जीवन में अन्याय के खिलाफ संघर्ष किया। इनके खिलाफ आसुरी शक्तियों ने खूब झूठी माया फैलाई। एक के तो दस सिर थे, जो हर बार अलग मुंह से नया झूठ बोलता था। मुख्यमंत्री ने कहा कि भगवान राम और भगवान कृष्ण के बीच लाखों सालों का अंतर था और वह समय हमने नहीं देखा है। आज फिर राक्षसी ताकतें वैसी ही माया फैला रही हैं। लेकिन हमें भगवान राम और कृष्ण के लिए, सत्य के लिए, मानवता के लिए, सबकी बेहतरी के लिए, सबको साथ लेकर चलने के लिए और देश को महान बनाने के लिए भाजपा को जिताना है।

मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव ने कहा कि प्रधानमंत्री श्री मोदी के नेतृत्व में दुनिया में भारत का मान सम्मान बढ़ा है। भारत एक विशाल देश है और दुनिया का सबसे युवा देश भी है। भारत दुनिया का सबसे बड़ा लोकतांत्रिक देश भी है, जहां जनता अपने वोट से सरकार बनाती है। प्रधानमंत्री श्री मोदी ऐसे पहले गैर कांग्रेसी नेता हैं, जिनके नेतृत्व में तीसरी बार कोई गैर कांग्रेसी सरकार केन्द्र में बनी है और ये हम सभी के लिए सौभाग्य की बात है।

उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री श्री मोदी के नेतृत्व वाली भाजपा की सरकार सबका साथ, सबका विकास, सबका प्रयास और सबका विश्वास की भावना से काम करती है, सबको साथ लेकर चलने वाली सरकार है। उन्होंने कहा कि मेरे परिवार से आज तक कोई मुख्यमंत्री तो छोड़िये, सांसद-विधायक भी नहीं बना, लेकिन भाजपा ने मुझ जैसे कार्यकर्ता को मुख्यमंत्री बना दिया।

मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव ने दिल्ली के मालवीय नगर विधानसभा में पार्टी प्रत्याशी व मध्यप्रदेश के प्रदेश सह प्रभारी सतीश उपाध्याय के समर्थन में प्रबुद्धजन सम्मेलन को संबोधित करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री श्री मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार द्वारा प्रस्तुत बजट में हर वर्ग के लिए प्रावधान किया गया है। प्रधानमंत्री कहते हैं कि सबका साथ, सबका विकास, सबका प्रयास और सबका विश्वास, यह केवल कहने की बात नहीं, केंद्र सरकार द्वारा प्रस्तुत बजट में स्पष्ट दिख रहा है। प्रधानमंत्री लोकतंत्र को गौरवान्वित करने के साथ संविधान को और मजबूती प्रदान कर रहे हैं।

मुख्यमंत्री ने कहा कि संविधान का अपमान और लोकतंत्र की हत्या करने वालों को जनता सबक सिखा रही है, दिल्ली चुनाव में भी जनता फिर एक बार सबक सिखाएगी। इस दौरान राष्ट्रीय प्रवक्ता नलिन कोहली सहित बडी संख्‍या में प्रबुद्धजन उपस्थित रहे।
डॉ यादव ने दिल्ली की नांगलोई जाट विधानसभा क्षेत्र के पार्टी प्रत्याशी मनोज शौकीन के समर्थन में आयोजित रोड शो में सहभागिता कर आमजन से कमल खिलाने का आग्रह किया।