कांग्रेस की नीयत अब भी तानाशाही वाली है : भाजपा

नयी दिल्ली, भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने तत्कालीन प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी द्वारा देश में आपातकाल लगाए जाने के 50 वर्ष पूरे होने पर आज कहा कि कांग्रेस की नीयत अब भी तानाशाही वाली है और कांग्रेस शासित राज्यों में विरोध का क्रूर दमन, धार्मिक तुष्टीकरण और सत्ता का अहंकार खुलेआम दिख रहा है।

भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जगत प्रकाश नड्डा ने आज सुबह एक बयान में कहा, “25 जून, 1975 की आधी रात को तत्कालीन प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी ने ‘आंतरिक अशांति’ का बहाना बनाकर भारत पर आपातकाल थोप दिया था और देश के संविधान की हत्या कर दी थी। 50 वर्ष बाद भी कांग्रेस उसी मानसिकता के साथ चल रही है, उसकी नीयत आज भी वैसी ही तानाशाही वाली है।”

जगत प्रकाश नड्डा ने कहा,“1975 में अदालत ने इंदिरा गांधी को चुनाव में आचार संहिता के उल्लंघन का दोषी ठहराया और उन्हें 6 वर्षों तक किसी भी निर्वाचित पद पर रहने से अयोग्य करार दिया। रातों-रात प्रेस की बिजली काटी गई, सारे विपक्ष को जेल में डाल दिया गया, प्रेस से आजादी छीन ली गई, अनुच्छेद 352 का दुरुपयोग कर लोकतंत्र को रौंदा गया। संसद, न्यायपालिका को अपंग बना दिया गया और 26 जून की सुबह देश पर कांग्रेस की तानाशाही सरकार ने आपातकाल थोप दिया।”

भाजपा अध्यक्ष ने कहा कि कांग्रेस शासित राज्यों में कानून व्यवस्था का हाल आज भी वही है, जो आपातकाल में था- विरोध का दमन, धार्मिक तुष्टीकरण और सत्ता का अहंकार खुलेआम दिखता है।

भाजपा के एक्स एकाउंट पर भी एक पोस्ट में लिखा गया, “जब सत्ता डगमगाई, तो संविधान को कुचल दिया, अपने भविष्य के लिए, पूरे देश का वर्तमान बंधक बना लिया। लोकतंत्र की हत्या कर, अभिव्यक्ति को कैद किया, और देश पर तानाशाही का अंधेरा थोप दिया। 25 जून, 1975 — वो काला दिन जब ‘मैं’ का अहंकार, ‘हम’ की आजादी पर भारी पड़ा। याद रखेगा भारत।”

Related Articles

Back to top button