कांग्रेस रोड़े न अटकाती तो नोएडा एयरपोर्ट का निर्माण मेरी सरकार में हो जाता पूरा : मायावती

लखनऊ, जेवर स्थित नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट के प्रथम चरण के उद्घाटन को लेकर बहुजन समाज पार्टी (बसपा) अध्यक्ष मायावती ने कहा कि उस समय केंद्र सरकार (कांग्रेस) अगर रोड़े न अटकाती तो विकास का यह कार्य, यमुना एक्सप्रेसवे आदि की तरह, काफी पहले मेरी सरकार में ही पूरा हो गया होता।
मायावती ने रविवार को एक्स पर लिखा, “ काफी लम्बे इंतज़ार के बाद जेवर में नोएडा इण्टरनेशनल हवाई अड्डा के प्रथम चरण का कल उद्घाटन हुआ, जबकि इसकी रूपरेखा ही नहीं बल्कि इसके सभी ज़रूरी बुनियादी कार्य बीएसपी की मेरी सरकार में ही शुरू हो गये थे। इतना ही नहीं बल्कि उस समय केन्द्र में रही कांग्रेस पार्टी की सरकार अगर रोड़ा नहीं अटकाती तो विकास का यह कार्य, यमुना एक्सप्रेसवे आदि की तरह, काफी पहले मेरी सरकार में ही पूरा हो गया होता।”
समाजवादी पार्टी पर निशाना साधते हुए उन्होंने कहा कि सपा सरकार ने अपने कार्यकाल में विकास कार्यों को गति देने के बजाय बसपा सरकार द्वारा समाज के कमजोर वर्गों के हित में लिए गए फैसलों को निष्प्रभावी करने का काम किया। उन्होंने आरोप लगाया कि सपा शासनकाल में बहुजन समाज के महापुरुषों के नाम पर बने संस्थानों, स्मारकों और पार्कों की उपेक्षा की गई तथा उनके नाम बदलने की कोशिश की गई।
मायावती ने प्रदेश की जनता से अपील करते हुए कहा कि वे विरोधी दलों की भ्रामक राजनीति से सावधान रहें और बीएसपी की ‘सर्वजन हिताय, सर्वजन सुखाय’ की नीति पर विश्वास बनाए रखें। उन्होंने कहा कि प्रदेश के समग्र विकास के लिए बीएसपी का नेतृत्व ही सबसे उपयुक्त है। इसके साथ ही मायावती ने पश्चिमी उत्तर प्रदेश में हाईकोर्ट की अलग बेंच की मांग को दोहराते हुए कहा कि यह क्षेत्र लंबे समय से इसकी प्रतीक्षा कर रहा है और यह मांग अभी तक अधूरी है।





