कानपुर भाजपा ने तेज की पार्टी के स्थापना दिवस की तैयारी

कानपुर, भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के स्थापना दिवस को लेकर तैयारियां तेज हो गई हैं। आगामी छह अप्रैल को पार्टी के 46वें स्थापना दिवस के अवसर पर घर-घर भाजपा का झंडा फहराया जाएगा। इसी क्रम में भाजपा कानपुर उत्तर की एक महत्वपूर्ण बैठक जिला कार्यालय में जिलाध्यक्ष अनिल दीक्षित की अध्यक्षता में आयोजित की गई। बैठक में जिलाध्यक्ष ने कहा कि भाजपा की वैचारिक नींव 1925 में पड़ी थी, जबकि एक राजनीतिक दल के रूप में 6 अप्रैल 1980 को इसकी स्थापना हुई। उन्होंने कहा कि केंद्र और प्रदेश में पार्टी की सरकारें लाखों कार्यकर्ताओं के त्याग, तपस्या और बलिदान का परिणाम हैं।

उन्होंने बताया कि 5 अप्रैल से 7 अप्रैल तक स्थापना दिवस को विभिन्न कार्यक्रमों के माध्यम से मनाया जाएगा। 6 अप्रैल को प्रत्येक कार्यकर्ता अपने घर पर भाजपा का झंडा फहराएगा। जिला एवं मंडल कार्यालयों को सजाया जाएगा तथा प्रेरणा पुरुषों के चित्रों पर माल्यार्पण किया जाएगा। इसके अलावा स्वच्छता अभियान चलाया जाएगा, वरिष्ठ कार्यकर्ताओं और बुद्धिजीवियों का सम्मान किया जाएगा तथा केंद्र व प्रदेश सरकार की योजनाओं और उपलब्धियों पर चर्चा की जाएगी। लाभार्थियों से संपर्क कर सक्रिय सदस्य सम्मेलन भी आयोजित किया जाएगा।

भाजपा जिला मीडिया प्रभारी अनुराग शर्मा ने बताया कि कार्यक्रमों के सफल संचालन के लिए नवाब सिंह, पारस मदान और किरण तिवारी को संयोजक बनाया गया है। बैठक में पार्टी के कई पदाधिकारी और कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

Related Articles

Back to top button