कानपुर में रसोई गैस सिलेंडर की कालाबाजारी के खिलाफ अभियान जारी

कानपुर,  कानपुर जिले में गैस सिलेंडरों की कालाबाजारी और अवैध रिफिलिंग के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत आपूर्ति विभाग ने दो स्थानों पर कार्रवाई करते हुए ओवररेटिंग और अवैध गैस रिफिलिंग के मामलों का भंडाफोड़ किया है। दोनों मामलों में आवश्यक वस्तु अधिनियम के तहत एफआईआर दर्ज कराने की संस्तुति की गई है। आधिकारिक सूत्रों ने गुरुवार को बताया कि पहली कार्रवाई 25 मार्च को अशोक नगर स्थित एक होटल पर की गई, जहां कमर्शियल गैस सिलेंडरों पर निर्धारित मूल्य से अधिक वसूली पाई गई। जांच में सामने आया कि प्रति सिलेंडर 2945 रुपये की वैध कीमत के बजाय 3500 रुपये वसूले जा रहे थे, जिससे करीब 554 रुपये प्रति सिलेंडर अधिक वसूली की जा रही थी। मौके से तीन कमर्शियल सिलेंडर जब्त किए गए। इस मामले में गैस एजेंसी संचालक और होटल संचालक के खिलाफ कार्रवाई की संस्तुति की गई है।

एक अन्य कार्रवाई 24 मार्च को काकादेव क्षेत्र में की गई, जहां एक गुमटी में घरेलू गैस की अवैध रिफिलिंग का मामला पकड़ा गया। मौके से इलेक्ट्रॉनिक कांटा, नॉन-आईएसआई सिलेंडर, रेगुलेटर और पाइप समेत अन्य उपकरण बरामद किए गए। आरोपी को हिरासत में लेकर उसके खिलाफ भी आवश्यक वस्तु अधिनियम के तहत कार्रवाई की संस्तुति की गई है।

जिला पूर्ति अधिकारी राकेश कुमार ने बताया कि जनपद में अब तक एलपीजी से जुड़े मामलों में 12 एफआईआर दर्ज की जा चुकी हैं और कालाबाजारी, ओवररेटिंग तथा अवैध रिफिलिंग के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा। उन्होंने कहा कि नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।

Related Articles

Back to top button