कार सेवकों पर गोली चलाने वालों की जमानत जब्त करायेगी जनता: उपमुख्यमंत्री बृजेश पाठक

अयोध्या, उत्तर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री बृजेश पाठक ने समाजवादी पार्टी (सपा) पर परोक्ष रूप से निशाना साधते हुये शनिवार को कहा कि अयोध्या में जिन लोगों ने कारसेवकों पर गोली चलाने का काम किया था, जनता निकाय चुनाव में उनकी जमानत जब्त करने का काम करेगी।

मणिरामदास छावनी के श्रीराम सत्संग भवन में आयोजित प्रबुद्ध वर्ग सम्मेलन को सम्बोधित करते हुए श्री पाठक ने कहा कि अयोध्या में जिन लोगों ने कारसेवकों पर गोली चलाने का काम किया था, जनता उनकी जमानत जब्त करने का काम करेगी।

उन्होंने कहा कि सपा सरकार के दौरान सपाईयों का नारा था कि खाली प्लाट हमारा है, माफिया उस काल में गाडिय़ों के साथ बंदूक लेकर चलते थे। सपा ने अपने शासन काल में प्रदेश को दंगे की आग में झोंकने का काम किया था। उस समय में एक हजार से अधिक दंगे हुए। आज भाजपा शासन काल में अपराधी तख्ती लगाकर घूम रहे हैं कि हमे गिरफ्तार कर लो, हम गुण्डागर्दी नहीं करेंगे। उन्होंने कहा कि आज हर घर को पानी मिल रहा है। गरीबों को आवास, शौचालय, गैस व विद्युत कनेक्शन मिला है। उत्तर प्रदेश के सभी जनपदों में चौबीस घंटे बिजली मिल रही है। इससे अच्छी सरकार अब और हो नहीं सकती है।

इस अवसर पर सांसद लल्लू सिंह, अयोध्या विधायक वेद प्रकाश गुप्ता, नगर निगम के पूर्व महापौर ऋषिकेश उपाध्याय, महानगर अध्यक्ष अभिषेक मिश्रा, भाजपा मेयर पद के प्रत्याशी महंत गिरीशपति त्रिपाठी, नगर निगम चुनाव संयोजक कमलेश श्रीवास्तव सहित भाजपा के नेता मौजूद थे।

Related Articles

Back to top button