काशी में चैत्र नवरात्र के दौरान बंद रहेंगी मीट-मछली की दुकानें

वाराणसी, धार्मिक नगरी काशी में नवरात्र के पावन अवसर पर नगर निगम सीमा के अंतर्गत आने वाली सभी मीट, मुर्गा और मछली की दुकानें पूर्णतः बंद रहेंगी।

महापौर अशोक कुमार तिवारी की अध्यक्षता में सोमवार को सिगरा स्थित ‘वाराणसी स्मार्ट सिटी’ के सभागार में आयोजित समीक्षा बैठक में यह निर्णय लिया गया। आगामी चैत्र नवरात्र की गरिमा और श्रद्धालुओं की आस्था को देखते हुए इस नियम का कड़ाई से अनुपालन कराने का निर्देश दिया गया है, ताकि शहर में धार्मिक वातावरण बना रहे।

इस दौरान महापौर ने नवरात्र पर्व से पूर्व सभी प्रमुख देवी मंदिरों की ओर जाने वाले मार्गों का तत्काल निरीक्षण कर ‘पैच वर्क’ कराने तथा गड्ढों की मरम्मत कराने के निर्देश दिए। साथ ही स्वच्छता सुनिश्चित करने के लिए सड़कों के किनारे नियमित रूप से चूने के छिड़काव का भी निर्देश दिया गया। बैठक में जलकल विभाग को कड़ी चेतावनी दी गई कि पर्व के समय शहर में कहीं भी सीवर ओवरफ्लो की समस्या नहीं दिखनी चाहिए और पेयजल की निर्बाध आपूर्ति हर हाल में सुनिश्चित की जाए।

नगर की प्रकाश व्यवस्था को लेकर संबंधित विभाग को जिम्मेदारी सौंपी गई कि मंदिरों को जोड़ने वाले सभी मार्गों पर स्ट्रीट लाईट की व्यवस्था चाक-चौबंद रहे। बैठक में नगर आयुक्त हिमांशु नागपाल ने सभी विभागीय अधिकारियों को आपसी समन्वय के साथ कार्य करने पर जोर दिया। इस अवसर पर अपर नगर आयुक्त सविता यादव, अमित कुमार सिंह, विनोद कुमार गुप्ता, जलकल महाप्रबंधक अनूप सिंह एवं पीयूष नेहरा सहित अन्य वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।

Related Articles

Back to top button