किसानों को सबसे अधिक मुआवजा दे रही पंजाब सरकार : अरविंद केजरीवाल

नयी दिल्ली, आम आदमी पार्टी (आप) के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल ने सोमवार को कहा कि पंजाब सरकार ने बाढ़ पीड़ित किसानों को फसलों का मुआवजा पूरे देश में सबसे ज्यादा और सबसे तेज गति से देना शुरू किया है।
अरविंद केजरीवाल ने एक्स पर कहा “पंजाब में भगवंत मान की सरकार ने एक और ऐतिहासिक काम कर दिखाया है। पंजाब में बाढ़ प्रभावित परिवारों और किसानों को आज तक का सबसे ज्यादा और सबसे तेज़ मुआवजा दिया है। सिर्फ 30 दिन के अंदर ही 20 हजार प्रति एकड़ के हिसाब से मुआवजा किसानों के खाते में आना शुरू हो गया है। ये सिर्फ़ अच्छी नीयत वाली एक ईमानदार सरकार ही कर सकती थी। हमने कर दिखाया।”
आप के वरिष्ठ नेता एव पंजाब के प्रभारी मनीष सिसोदिया ने कहा कि पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान ने बाढ़ पीड़ितों को मुआवजा देने के मामले में ऐतिहासिक काम किया है। देश में सबसे ज़्यादा मुआवजा का ऐलान किया और फिर सबसे तेज़ी से लोगों तक पहुंचाना भी शुरू कर दिया। पहले बाढ़ जैसी आपदा आने पर लोग कई-कई साल तक मुआवजा के लिए धक्के खाते थे और मिलता क्या था? पुरानी सरकारों की दो रुपए, 100 रुपए का मुआवजा दिए जाने की भी ख़बरें देखी गयी हैं।
उन्होंने कहा कि भगवंत मान सरकार ने सबसे ज़्यादा मुआवजा दिया है और सबसे तेज़ी से दिया है। आज से पंजाब में बाढ़ पीड़ित किसानों को मुआवजा मिलना शुरू हो गया है और इस महीने के अंत तक सबको मुआवजा मिल भी जाएगा।