किसानो को उपज का वाजिब दाम दिलाने में सरकार विफल: अखिलेश यादव

लखनऊ, समाजवादी पार्टी (सपा) अध्यक्ष अखिलेश यादव ने आरोप लगाया है कि उत्तर प्रदेश की भाजपा सरकार किसानो को उसकी उपज का उचित मूल्य देने में विफल रही है और सरकार का बिचौलियों पर कोई नियंत्रण नहीं है।

अखिलेश यादव ने सोमवार को बयान जारी कर कहा कि भाजपा सरकार किसानों को धान और अन्य फसलों के लिए डीएपी, यूरिया और अन्य खाद समय से नहीं उपलब्ध करा पायी। किसान खाद के लिए लाइनों में खड़ा रहा। कई किसानों की जान चली गयी लेकिन संवेदनहीन भाजपा सरकार ने किसानों की कोई सुध नहीं ली जबकि अब गेहूं, आलू, चना, मटर तथा अन्य फसलों के लिए किसानों को डीएपी और अन्य खाद की जरूरत है लेकिन सरकार की कोई तैयारी नहीं है। भाजपा सरकार में कालाबाजारी और मुनाफाखोरी चरम पर है। उन्होने कहा कि किसान अपनी मेहनत से फसल पैदा करता है लेकिन उसका लागत मूल्य भी मिलना मुश्किल हो गया है।

भाजपा सरकार में आलू, गन्ना, धान, गेहूं के किसान को सही मूल्य नहीं मिल रहा है। भाजपा सरकार किसानों को धोखा दे रही है। किसानों की आय दोगुनी नहीं हुई। गन्ना मूल्य को लेकर सरकार चुप्पी साध लेती है। आलू किसानों को भारी नुकसान हो रहा है। किसानों को आलू का लागत मूल्य भी नहीं मिल पाया। इस सरकार में बिचौलिए हावी है। अखिलेश यादव ने कहा कि आज बिचौलिए मुनाफा कमा रहे है, किसान खुद को ठगा महसूस कर रहा है। भाजपा सरकार जब-जब सत्ता में रहती है किसान बर्बाद हो जाता है। पूरे प्रदेश में किसानों की जमीनों और फसलों की लूट हो रही है।

Related Articles

Back to top button