Breaking News

कुुमाऊं मंडल में शांतिपूर्ण मतदान जारी, मतदाताओं में दिखा उत्साह

नैनीताल, उत्तराखंड की पांचवीं विधानसभा के गठन के लिये कुमाऊं मंडल में शांतिपूर्ण मतदान शुरू हो गया है, जहां 29 सीटों के लिये 241 प्रत्याशी मैदान में हैं।

मिली जानकारी के अनुसार मंडल के छह जिलों में सुबह आठ बजे से शांतिपूर्ण मतदान शुरू हो गया है। इस बार शाम को छह बजे तक मतदान होगा। कहीं से किसी प्रकार की कोई अप्रिय सूचना नहीं है।

कुछ जगहों में इलेक्ट्रोनिक वोटिंग मशीन (ईवीएम) की गड़बड़ी के चलते मतदान समय पर शुरू नहीं हो सका लेकिन प्रशासन की मुस्तैदी से कुछ देर में मतदान सुचारू हो गया। नैनीताल के जिला निर्वाचन अधिकारी डीएस गर्ब्याल ने बताया कि मतदान शांतिपूर्ण चल रहा है। कहीं से कोई अप्रिय सूचना नहीं है।

नैनीताल शहर में मतदान को लेकर सुबह से ही लोगों में उत्साह देखा गया। मतदाता 7.30 मिनट से पंक्तिबद्ध हो गये। नैनीताल के शैलेहाल में बने आदर्श बूथ में बड़ी संख्या में लोग सुबह कतार में देखे गये। यही हाल लगभग अन्य मतदान केन्द्रों की भी रही। शहरी इलाकों में मतदान में तेजी देखी गयी, जबकि ग्रामीण क्षेत्रों में मतदान की गति धीमी रही। उधम सिंह नगर जिले में सुबह नौ बजे 6.47 प्रतिशत मतदान हुआ।