कूड़ा डालने को लेकर हुए विवाद में चली गोली एक की मौत ,दो घायल

मैनपुरी, उत्तर प्रदेश के मैनपुरी जिले के कोतवाली क्षेत्र में कूड़ा डालने को लेकर शनिवार को दो गुटों में फायरिंग हो गयी। इस फायरिंग में एक की गोली लगने से मौत हो गयी जबकि दो अन्य गंभीर रूप से घायल हो गये।
पुलिस के अनुसार कोतवाली क्षेत्र के गांव जागरूपुर में योगेन्द्र ओर सेवानिवृत पुलिस कर्मी भूदेव के बीच कूड़ा डालने को विवाद हुआ , जिसके बाद दोनों पक्षों के बीच पहले गाली गलौज और इसके बाद फायरिंग शुरू हो गयी।
इस फायरिंग के दौरान एक गोली योगेन्द्र को लग गई, गोली लगते ही योगेन्द्र लहूलुहान हालत में जमीन पर गिर गया और उसकी घटना स्थल पर ही मौत हो गई । इस गोलीबारी में गांव के दो अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गए जिन्हें उपचार के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
उत्तर प्रदेश सरकार के पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री जयवीर सिंह ने पोस्टमार्टम गृह पंहुचकर मामले की जानकारी ली और पुलिस को आरोपियों के विरुद्ध कड़ी कार्यवाही के निर्देश दिए।घटना के बाद से गांव में तनाव है और भारी संख्या में पुलिस तैनात है।




