केंद्रीय बजट विकसित भारत की दिशा में मजबूत आधार : केशव प्रसाद मौर्य

कुशीनगर, उत्तर प्रदेश के उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने शनिवार को कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में विकसित भारत के लक्ष्य को साकार करने में केंद्रीय बजट पूर्णतः सक्षम और दूरदर्शी है।
उन्होंने कहा कि यह बजट समाज के प्रत्येक वर्ग को ध्यान में रखकर तैयार किया गया है, जिससे गरीब सशक्त होगा, महिलाओं का उत्थान होगा, युवाओं के लिए रोजगार के अवसर बढ़ेंगे और किसान समृद्ध होगा। यह बजट अंत्योदय की भावना को मूर्त रूप देता है।
उप मुख्यमंत्री ने कहा कि भारत को विकसित राष्ट्र बनाने के लिए मजबूत नेतृत्व, स्पष्ट नीति और निर्णायक सरकार की आवश्यकता है, जिसे भाजपा सरकार प्रभावी ढंग से आगे बढ़ा रही है। उन्होंने यूजीसी बिल से जुड़े प्रश्न पर कहा कि इस मामले में उच्चतम न्यायालय द्वारा स्थगनादेश पारित किया गया है और सभी को न्यायालय के आदेश का सम्मान करना चाहिए।
आर्थिक पक्ष पर प्रकाश डालते हुए केशव प्रसाद मौर्य ने कहा कि बजट में निवेश को प्रोत्साहन देने की स्पष्ट सोच परिलक्षित होती है। इससे देश में निवेश बढ़ेगा और भारत को वैश्विक मैन्युफैक्चरिंग हब बनाने में मदद मिलेगी। उन्होंने कहा कि केंद्रीय वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण द्वारा प्रस्तुत लगातार नौवां बजट ऐतिहासिक है और देश को प्रधानमंत्री के नेतृत्व पर पूर्ण विश्वास है।




