Breaking News

केंद्र सरकार ने भारत के मुख्य न्यायाधीश से उत्तराधिकारी के लिए सुझाव मांगा

नई दिल्ली,  केंद्र सरकार ने शुक्रवार को भारत के मुख्य न्यायाधीश यू. यू. ललित से अपने उत्तराधिकारी बनाने का सुझाव देने को कहा।

विधि एवं न्याय मंत्रालय ने एक ट्वीट कर यह जानकारी दी है। ट्वीट में कहा गया, “भारत के मुख्य न्यायाधीश और सर्वोच्च न्यायालय के न्यायाधीशों की नियुक्ति प्रक्रिया ज्ञापन (एमओपी) के अनुसार माननीय विधि एवं न्याय मंत्री ने भारत के माननीय मुख्य न्यायाधीश को अपने उत्तराधिकारी की नियुक्ति के वास्ते अपनी सिफारिशें देने के लिए आज एक पत्र भेजा।”

शीर्ष अदालत की परंपरा के अनुसार वरिष्ठता क्रम में न्यायमूर्ति डी. वाई. चंद्रचूड़ को भारत के अगले मुख्य न्यायाधीश के रूप में नामित किए जाने के लिए सिफारिश करने की संभावना है।

न्यायमूर्ति ललित ने 27 अगस्त 2022 को भारत के 49वें मुख्य न्यायाधीश के तौर पर शपथ ली थी। वह 74 दिनों के अपने संक्षिप्त कार्यकाल के बाद आठ नवंबर 2022 को सेवानिवृत्त होने वाले हैं।

नियुक्ति के बाद न्यायमूर्ति चंद्रचूड़ भारत के 50वें मुख्य न्यायाधीश बन जाएंगे। वह 10 नवंबर 2024 को सेवानिवृत्त होंगे।