केजीएमयू में दिल के मरीजों को मिल रहा नया जीवन : ब्रजेश पाठक

लखनऊ, किंग जार्ज मेडिकल यूनिवर्सिटी (केजीएमयू) में शुक्रवार को कॉर्डिकॉन 2026 का शुभारंभ करते हुए उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक ने कहा कि केजीएमयू का लारी कार्डियोलॉजी विभाग गंभीर हृदय रोगियों को नया जीवन दे रहा है। यहां न केवल प्रदेश बल्कि देश और पड़ोसी देशों से भी मरीज आधुनिक इलाज के लिए पहुंच रहे हैं।
अटल बिहारी वाजपेयी साइंटिफिक कन्वेंशन सेंटर में आयोजित कार्यक्रम में उन्होंने कहा कि विशेषज्ञ डॉक्टरों और पैरामेडिकल स्टाफ की टीम दिन-रात सेवा में जुटी है। आधुनिक तकनीक और उन्नत चिकित्सा पद्धतियों की बदौलत केजीएमयू हृदय चिकित्सा के क्षेत्र में नई ऊंचाइयों को छू रहा है।
कार्डियोलॉजी सोसाइटी ऑफ इंडिया द्वारा आयोजित इस सम्मेलन में देशभर से आए विशेषज्ञों ने नवीनतम शोध और उपचार पद्धतियों पर विचार-विमर्श किया। उन्होने कहा कि प्रदेश में स्वास्थ्य सेवाओं में तेजी से सुधार हो रहा है। जिला अस्पतालों को अपग्रेड किया गया है और प्रत्येक जिले में मेडिकल कॉलेज खोले जा रहे हैं। रोबोटिक सर्जरी और आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस जैसी आधुनिक तकनीकों का विस्तार किया जा रहा है।
उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक ने आश्वस्त किया कि सरकार केजीएमयू और लारी कार्डियोलॉजी विभाग को हरसंभव सहयोग देगी। कार्यक्रम में कुलपति प्रो. सोनिया नित्यानंद, विभागाध्यक्ष डॉ. ऋषि सेट्ठी, डॉ. अक्षय प्रधान, डॉ. गौरव चौधरी, डॉ. शरद चंद्रा, डॉ. प्रवेश विश्वकर्मा और डॉ. धीमान कहाली समेत अनेक विशेषज्ञ उपस्थित रहे।





