केन्द्र और दिल्ली प्रदेश का चुनाव रद्द किया जाये: संजय सिंह
अयोध्या, आम आदमी पार्टी (आप) के राज्यसभा सांसद संजय सिंह ने शुक्रवार को कहा कि बोगस मतदाताओं के सहारे भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) केंद्र और दिल्ली प्रदेश का चुनाव जीती है, इस कारण चुनाव आयोग को दोनों चुनावो को रद्द करके नए चुनाव कराये जाने चाहिये।
संजय सिंह ने यहां पत्रकारों से बातचीत में लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी द्वारा लगाये गये वोट चोरी के आरोप पर कहा “ यह आरोप मैंने पहले ही लगाया था, उस समय ना तो राहुल गांधी बोले और ना ही कांग्रेस। हमारी मांग है कि दिल्ली का चुनाव और देश का चुनाव दोनों अवैध घोषित किए जाएं, जिस जिस राज्य में चुनाव के दौरान गड़बड़ी हुई थी उसे भी अवैध घोषित किया जाये।”
आप नेता ने कहा “ दिल्ली चुनाव के दौरान छोटे-छोटे घरों में 25, 30, 35 वोटर बनाये गये थे, हमने प्रमाण भी दिया था, एक केंद्रीय मंत्री के घर के अंदर 33 वोटर बनाए गए थे। भाजपा ने दिल्ली का चुनाव घोटाला करके जीता था, 42 हजार वोट केवल अरविंद केजरीवाल के विधानसभा क्षेत्र से काटे गए थे, ऐसे तो अब तो चुनाव लड़ने का कोई मतलब नहीं है। हम लोग रैली सभा मीटिंग संगठन बनाने का काम करते हैं जबकि भाजपा दूसरे काम में लगी रहती है।”
बिहार चुनाव पर संजय सिंह ने कहा कि बिहार में कुत्ते का निवास प्रमाण पत्र बनाया जा रहा है, 40 मरे हुए लोगों का एक बूथ में वोट बनाया गया। बीएलओ खुद बैठकर लोगों के फॉर्म भर रहे हैं, दस्तखत कर रहे हैं, बिहार में 65 लाख वोट काट दिए गए, बिहार में अब चुनाव का कोई मतलब नहीं रह गया। भाजपा अपने तरीके से मतदाता सूची तैयार करवा रही है।