क्रिएटिविटी से आती है पॉजिटिविटी और प्रगति: अखिलेश यादव

लखनऊ, समाजवादी पार्टी (सपा) अध्यक्ष अखिलेश यादव ने कहा है कि इंसान, इंसानियत और दुनिया को बेहतर बनाने वाला कार्य ही वास्तविक क्रिएटिविटी है। जो सकारात्मकता बढ़ाए, समानता लाए और रचनात्मक सोच को विकसित करे, वही सच्ची क्रिएटिविटी है।
रविवार को ‘विजन इंडिया’ कार्यक्रम के तहत मुंबई में क्रिएटिव इकॉनमी विषय पर आयोजित सेमिनार को संबोधित करते हुए अखिलेश यादव ने कहा कि क्रिएटिविटी से सकारात्मकता आती है और सकारात्मकता उम्मीद जगाती है, जिससे विकास का रास्ता खुलता है। उन्होंने कहा कि क्रिएटिव इकॉनमी लंबी अवधि में मजबूत आर्थिक आधार तैयार करती है और इसमें जन्म या जाति का भेदभाव नहीं होता, बल्कि व्यक्ति की प्रतिभा को आगे बढ़ने का अवसर मिलता है।
उन्होने कहा कि समाजवादी सरकार के दौरान कई रचनात्मक पहल की गईं, जिनका प्रदेश के विकास में महत्वपूर्ण योगदान रहा। उन्होंने बताया कि सरकार ने 20 लाख छात्रों को लैपटॉप वितरित किए, जिससे डिजिटल और क्रिएटिव क्रांति को बढ़ावा मिला। इसके अलावा आगरा-लखनऊ एक्सप्रेस-वे, लखनऊ मेट्रो, गोमती रिवरफ्रंट, जनेश्वर मिश्र पार्क, 1090 वूमेन पावर लाइन, लायन सफारी और आधुनिक पुलिस मुख्यालय जैसी परियोजनाएं शुरू की गईं।
पूर्व मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तर प्रदेश में प्रतिभा की कोई कमी नहीं है, लेकिन कई बार आधारभूत ढांचे और अवसरों की कमी के कारण वह सामने नहीं आ पाती। समाजवादी सरकार ने खेल, उद्योग, हस्तशिल्प और कौशल विकास के क्षेत्र में नई पहल कर युवाओं और कारीगरों को आगे बढ़ाने का काम किया।
अखिलेश यादव ने कहा कि भविष्य में क्रिएटिव और रचनात्मक सोच के साथ ही प्रदेश की अर्थव्यवस्था को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाया जा सकता है।





