खाली मकान से चौकीदार का शव बरामद, चेहरे का हिस्सा क्षतिग्रस्त

पीलीभीत, उत्तर प्रदेश के पीलीभीत जिले में एक निर्माणाधीन खाली मकान से चौकीदार का शव बरामद होने से इलाके में सनसनी फैल गई।

पुलिस सूत्रों ने बुधवार को बताया कि घुंघचाई थाना क्षेत्र के संभुआ गांव में स्थित एक खाली मकान में मनजीत सिंह (51) उर्फ मानासिंह का शव सीढ़ियों के नीचे पड़ा मिला। वह उक्त मकान की चौकीदारी करता था। पुलिस क्षेत्राधिकारी पूरनपुर प्रतीक दहिया ने बताया कि प्रथम दृष्टया आशंका है कि चौकीदार की मौत सीढ़ियों से गिरने के कारण हुई होगी। शव के सिर के पीछे गहरा घाव मिला है और सीढ़ियों पर खून के निशान भी पाए गए हैं।

उन्होंने बताया कि शव का बाकी हिस्सा सुरक्षित है, लेकिन चेहरे का हिस्सा काफी क्षतिग्रस्त पाया गया। मौके पर आवारा कुत्तों की मौजूदगी और कुछ के मुंह पर खून के निशान मिलने से आशंका जताई जा रही है कि मृत्यु के बाद शव के चेहरे को जानवरों द्वारा नुकसान पहुंचाया गया। स्थानीय लोगों के अनुसार, मंगलवार को जब काफी देर तक कोई हलचल नहीं दिखी तो उन्होंने मकान के अंदर जाकर देखा, जहां शव पड़ा मिला। सूचना पर पुलिस और फॉरेंसिक टीम मौके पर पहुंची।

पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। अधिकारियों का कहना है कि रिपोर्ट आने के बाद ही मृत्यु के कारणों की स्पष्ट पुष्टि हो सकेगी। फिलहाल परिजनों की ओर से किसी पर आरोप नहीं लगाया गया है और न ही कोई तहरीर दी गई है।

Related Articles

Back to top button