गंगा में भाई-बहन समेत तीन बच्चे डूबे, एक का शव मिला, दो लापता

बदायूं, उत्तर प्रदेश के बदायूं जिले में उसहैत थाना क्षेत्र के गंगा घाट पर नहाने गए सगे भाई-बहन समेत तीन बच्चे नदी में डूब गए। पुलिस और ग्रामीणों ने एक बच्चे का शव बरामद कर लिया है, जबकि दो बच्चों की तलाश जारी है।
पुलिस सूत्रों ने रविवार को बताया कि गंगा नदी के तट पर बसे खजुरा नगला पुख्ता गांव निवायी जमादार सिंह के पुत्र केशव (9) , पुत्री गुड़िया (10) तथा अखिलेश (11) पुत्र संतोष कुमार आज दोपहर तेज गर्मी के कारण गंगा में नहाने गए थे। नहाते समय तीनों बच्चे गहरे पानी में चले गए और डूबने लगे। बच्चों के शोर मचाने पर ग्रामीण बड़ी संख्या में मौके पर पहुंचे और बचाव कार्य शुरू किया। इसी बीच डायल 112 पर भी सूचना दी गई।
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और ग्रामीणों के साथ तलाश अभियान शुरू किया। काफी देर की मशक्कत के बाद अखिलेश का शव बरामद कर लिया गया, जबकि केशव और गुड़िया अब भी लापता हैं। थाना प्रभारी निरीक्षक देवेंद्र कुमार सिंह ने बताया कि गोताखोरों और स्थानीय ग्रामीणों की मदद से लगातार सर्च अभियान चलाया जा रहा है।




