गणतंत्र दिवस परेड में विशिष्ट अतिथि के तौर पर शामिल होंगी 14 लखपति दीदियां

लखनऊ, राज्य ग्रामीण आजीविका मिशन के तहत स्वयं सहायता समूहों से जुड़ी उत्तर प्रदेश की 14 लखपति दीदियां 26 जनवरी को दिल्ली के कर्तव्य पथ पर गणतंत्र दिवस परेड में विशेष अतिथि के रूप में शामिल होंगी। इनमें से 13 दीदियों को शुक्रवार को
उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने अपने कैम्प कार्यालय से बस को हरी झंडी दिखाकर दिल्ली रवाना किया, जबकि एक दीदी सीधे दिल्ली पहुंचीं।
श्री मौर्य ने दीदियों के कार्य, महिला सशक्तिकरण के लिए उनकी मेहनत, लगन व सफलता की यात्रा की जानकारी लेकर उनका उत्साहवर्धन किया और शुभकामनाएं दीं। उन्होंने प्रधानमंत्री को धन्यवाद देते हुए कहा कि गरीब और मेहनतकश वर्ग को राष्ट्रीय पर्व में आमंत्रित किया जाना उत्तर प्रदेश के लिए गौरव है।
उन्होने बताया कि डबल इंजन सरकार महिला स्वावलंबन के लिए प्रतिबद्ध है। नारी शक्ति वंदन अधिनियम महिलाओं के सम्मान की दिशा में बड़ा कदम है। उन्होंने लक्ष्य रखा कि प्रदेश में करोड़ों महिलाओं को स्वयं सहायता समूहों से जोड़ा जाएगा और एक करोड़ दीदियों को लखपति दीदी बनाया जाएगा, ताकि वे आगे चलकर करोड़पति भी बनें।





