गिरावट के साथ खुले शेयर बाजार

मुंबई, बजट के दिन बड़ी गिरावट के बाद सोमवार को भी घरेलू शेयर बाजारों की शुरुआत लाल निशान में हुई, हालांकि बाद में प्रमुख सूचकांक बढ़त बनाने में कामयाब रहे।
बीएसई का सेंसेक्स 167.26 अंक टूटकर 80,555.68 अंक पर खुला, लेकिन तुरंत हरे निशान में चला गया। खबर लिखे जाते समय यह 405.45 अंक (0.50 प्रतिशत) ऊपर 81,128.39 अंक पर था।
नेशनल स्टॉक एक्सचेंज का निफ्टी 50 सूचकांक भी 28.95 अंक की गिरावट में 24,796.50 अंक पर खुलने के बाद खबर लिखे जाते समय 83.25 अंक यानी 0.34 प्रतिशत चढ़कर 24,908.70 अंक पर था। रुपये में तेजी का असर भी शेयर बाजारों पर दिखा। भारतीय मुद्रा फिलहाल 31 पैसे की बढ़त में 91.6250 रुपये प्रति डॉलर पर है।
आईटी, सार्वजनिक बैंक, स्वास्थ्य फार्मा, धातु, रसायन और एफएमसीजी सेक्टरों के सूचकांक गिरावट में रहे। रियलटी, निजी बैंक, तेल एवं गैस और ऑटो सेक्टरों में तेजी रही।
सेंसेक्स की तेजी में रिलायंस इंडस्ट्रीज, एलएंडटी, एचडीएफसी बैंक, आईसीआईसीआई, इटरनल और एशियन पेंट्स का योगदान अधिक रहा। वहीं, इंफोसिस, आईटीसी और हिंदुस्तान यूनीलिवर के शेयर नीचे चल रहे थे।





