गैस सिलेंडर संकट पर सरकार जवाब दे: अखिलेश यादव

लखनऊ, अमेरिका-इजराइल और ईरान के बीच जारी युद्ध का असर भारत में अभी रसोई गैस की किल्लत के रूप में देखी जा रही है। ताजा स्थिति यह है कि लखनऊ में लोग गैस के लिए एजेंसियों के चक्कर काट रहे हैं। वहीं समाजवादी पार्टी (सपा) के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने रसोई गैस सिलेंडरों की आपूर्ति और बढ़ती कीमतों को लेकर सरकार पर सवाल उठाए हैं।
अखिलेश यादव ने कहा कि वार को लेकर देश में मौजूदा हालात को लेकर जो स्थिति बन रही है, उसकी पूरी जानकारी सरकार को है, लेकिन इसके बावजूद आम लोगों को राहत देने के लिए ठोस कदम नजर नहीं आ रहे हैं।
मंगलवार को पत्रकारों के साथ बातचीत में अखिलेश यादव ने कहा कि सरकार ने गैस सिलेंडर के दाम बढ़ाए हैं और साथ ही यह पाबंदी भी लगाई है कि सिलेंडर कितने दिनों में भरा जाएगा। भाजपा के सांसदों ने भी इस मुद्दे पर सरकार को पत्र लिखकर चिंता जताई है। कई राज्यों में होटल और बिजनेस सेंटरों ने भी सरकार को जानकारी दी है कि मौजूदा हालात में संचालन प्रभावित हो रहा है।
उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश जैसे बड़े राज्य में, जहां सरकार खुद दावा करती है कि सबसे अधिक गैस कनेक्शन दिए गए हैं, वहां अब यह सरकार की जिम्मेदारी बनती है कि सिलेंडरों की आपूर्ति कैसे सुनिश्चित की जाएगी। साथ ही यह भी स्पष्ट किया जाए कि अगर संकट की स्थिति बनी रहती है तो सरकार के पास कोई वैकल्पिक व्यवस्था है या नहीं।
सपा अध्यक्ष ने कहा कि अगर आपूर्ति की कमी बनी रही तो गैस सिलेंडर इतने महंगे हो सकते हैं कि आम आदमी की पहुंच से बाहर हो जाएंगे। उन्होंने आशंका जताई कि यदि स्थिति दो सप्ताह तक इसी तरह बनी रहती है तो लोगों को मजबूरन पुराने तरीके अपनाने पड़ सकते हैं और कंडे व लकड़ी के चूल्हों पर खाना बनाना पड़ सकता है।





