गोरक्षपीठाधीश्वर योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में निकलेगी भक्त प्रहलाद की शोभायात्रा

गोरखपुर, श्री होलिका दहन उत्सव समिति महानगर गोरखपुर द्वारा होली पर्व के अवसर पर दो मार्च की शाम भक्त प्रहलाद की भव्य शोभायात्रा निकाली जाएगी। जिसमें मुख्य अतिथि गोरक्षपीठाधीश्वर एवं प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ होंगे।
समिति के संरक्षक आशीष गुप्ता एवं अध्यक्ष रामप्रकाश गुप्ता ने रविवार को बताया कि इस वर्ष शोभायात्रा को विशेष रूप से भव्य एवं आकर्षक स्वरूप दिया जा रहा है। विरासत गलियारे में विस्थापित व्यापारियों को पुनः स्थापित किए जाने को लेकर व्यापारी वर्ग द्वारा गोरक्षपीठाधीश्वर का गुलाब की पंखुड़ियों से पुष्प वर्षा एवं शंखनाद के साथ भव्य स्वागत किया जाएगा।
समिति के महामंत्री शिवम पटवा एवं कोषाध्यक्ष राहुल गुप्ता ने बताया कि इस बार कानपुर से आने वाली आकर्षक झांकियां शोभायात्रा का प्रमुख आकर्षण होंगी जिनमें भक्त प्रहलाद एवं भगवान विष्णु से जुड़ी धार्मिक झलकियां प्रस्तुत की जाएंगी।
शोभायात्रा का शुभारंभ गोरक्षपीठाधीश्वर महंत योगी आदित्यनाथ महाराज द्वारा भक्त प्रहलाद की विधिवत आरती कर तथा फूलों एवं अबीर.गुलाल के साथ होली खेलकर किया जाएगा।
शोभायात्रा गोरखपुर स्थित पाण्डेहाता क्षेत्र से प्रारंभ होकर महानगर के विभिन्न प्रमुख मार्गों से होते हुए पारंपरिक धार्मिक एवं सांस्कृतिक वातावरण के बीच सम्पन्न होगी। आयोजन को लेकर समिति एवं स्थानीय नागरिकों में विशेष उत्साह देखा जा रहा है तथा सुरक्षा एवं व्यवस्थाओं को लेकर भी व्यापक तैयारियां की गई हैं।





