गोरखपुर में बोले मुख्यमंत्री: यूपी में गुंडों-माफिया को नहीं पनपने देंगे

गोरखपुर, उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने अपराध और अपराधियों के खिलाफ जीरो टॉलरेंस नीति दोहराते हुए कहा कि प्रदेश की धरती पर गुंडों और माफिया को पनपने नहीं दिया जाएगा।
रविवार को गोरखपुर के घंटाघर स्थित अमर बलिदानी बंधु सिंह पार्क में मल्टीलेवल पार्किंग सह कॉमर्शियल कॉम्प्लेक्स के लोकार्पण और विरासत गलियारा परियोजना के शिलान्यास कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि जहां गुंडों और माफिया की जगह होगी, उन्हें वहीं पहुंचा दिया जाएगा।
उन्होंने कहा कि प्रदेश में व्यापारियों और महिलाओं की सुरक्षा सुनिश्चित हुई है और सरकार जनसुविधा व विकास के लिए प्रतिबद्ध है। मुख्यमंत्री के अनुसार, 2017 के बाद प्रदेश की कानून-व्यवस्था में बड़ा बदलाव आया है और अब उत्तर प्रदेश “उपद्रव नहीं, उत्सव प्रदेश” के रूप में आगे बढ़ रहा है।
मुख्यमंत्री ने गोरखपुर में हो रहे विकास कार्यों का उल्लेख करते हुए कहा कि विरासत गलियारा और मल्टीलेवल पार्किंग परियोजना से यातायात सुगम होगा और व्यापार को बढ़ावा मिलेगा। उन्होंने यह भी बताया कि चिलुआताल में फ्लोटिंग सोलर पावर प्लांट स्थापित किया जाएगा और गोरखपुर को सोलर सिटी के रूप में विकसित किया जा रहा है।
इस दौरान मुख्यमंत्री ने घंटाघर के सौंदर्यीकरण कार्य का लोकार्पण किया और पांडेयहाता में नए कॉमर्शियल कॉम्प्लेक्स का शिलान्यास भी किया।





