ग्रेटर नोएडा पश्चिम की बहुमंजिला सोसाइटी में छात्रा ने 13वीं मंजिल से छलांग लगाकर दी जान

ग्रेटर नोएडा पश्चिम, उत्तर प्रदेश में गौतमबुद्धनगर जिला परिक्षेत्र सेंट्रल नोएडा बिसरख थाना क्षेत्र की गौर सौन्दर्यम सोसाइटी में दिल दहला देने वाली घटना सामने आई। शेरोन टावर में रहने वाली 25 वर्षीय एमबीए छात्रा ने 13वीं मंजिल से कूदकर आत्महत्या कर ली। घटना के बाद सोसाइटी में अफरा-तफरी मच गई। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी।

पुलिस ने बुधवार को यह जानकारी दी। पुलिस ने बताया कि मंगलवार को बिसरख थाना क्षेत्र स्थित गौर सौन्दर्यम सोसाइटी से एक छात्रा द्वारा 13वीं मंजिल से कूदकर आत्महत्या करने की सूचना मिली थी। सूचना मिलते ही पुलिस टीम तुरंत मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया।

प्राथमिक जांच में सामने आया कि शेरोन टावर में रहने वाली युवती ने अपने फ्लैट की 13वीं मंजिल से छलांग लगा दी। नीचे गिरने से उसकी मौके पर ही मौत हो गई। घटना की जानकारी मिलते ही सोसाइटी के लोग मौके पर एकत्र हो गए और पुलिस को सूचना दी।
मृतका की पहचान शिविका (25 वर्ष) पुत्री विनय ठकराल के रूप में हुई है। वह गौर सौन्दर्यम सोसाइटी के शेरोन टावर में रहती थी और एमबीए की पढ़ाई कर रही थी। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पंचायतनामा भरने के बाद पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।

पुलिस अधिकारियों के मुताबिक फिलहाल आत्महत्या के पीछे के कारणों का स्पष्ट पता नहीं चल पाया है। मृतका के परिजनों को सूचना दे दी गई है और उनसे पूछताछ की जा रही है। साथ ही सोसाइटी के लोगों और आसपास के निवासियों से भी जानकारी जुटाई जा रही है।

पुलिस का कहना है कि मामले से जुड़े सभी पहलुओं की जांच की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और परिजनों के बयान के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

घटना के बाद सोसाइटी में रहने वाले लोग स्तब्ध हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि अचानक हुई इस घटना से पूरे इलाके में शोक और चिंता का माहौल है। पुलिस मामले की गंभीरता से जांच कर रही है।

Related Articles

Back to top button