Breaking News

घोसी विधायक सुधाकर सिंह ने सैफई पहुंच नेताजी को किया नमन

इटावा, उत्तर प्रदेश की घोसी विधानसभा से निर्वाचित सपा विधायक सुधाकर सिंह शनिवार दोपहर सैफई पहुंचे।

श्री सिंह ने समाजवादी पार्टी के संस्थापक नेताजी मुलायम सिंह यादव के अंत्येष्टि स्थल पर पुष्प अर्पित कर आशीर्वाद लिया। इसके बाद सुधाकर सिंह एसएस मेमोरियल कॉलेज पहुंचे। यहां उन्होंने समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय महासचिव शिवपाल सिंह यादव से मुलाकात कर उनका आभार प्रकट किया ।

नेताजी मुलायम सिंह यादव को याद करते हुए कहा कि आपातकाल में जो लोग जेल गए थे उनको स्वतंत्रता सेनानी का दर्जा नेताजी ने दिया था, जितनी बार विधायक रहा हूं, कई क्षेत्र से रहा हूं, यह सब नेताजी की देन थी। घोसी की जनता बधाई दे रही है, इसके लिए हम आभारी हैं। राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव की कृपा है, सभी की हमारे ऊपर कृपा है, हमारे शिवपाल सिंह यादव, प्रोफेसर रामगोपाल यादव नेता हैं। सभी लोग हमारे नेता है हम आभार व्यक्त करने गए थे।

हाल ही में हुआ उत्तर प्रदेश में घोसी विधानसभा का उपचुनाव सबसे ज्यादा चर्चा में था। मऊ जिले की घोसी सीट पर भाजपा और समाजवादी पार्टी के लिए प्रतिष्ठा का चुनाव था, जिसमें समाजवादी पार्टी ने बड़ी जीत दर्ज की है। इस सीट पर भाजपा के दारा सिंह चौहान और सपा के सुधाकर सिंह के बीच मुकाबला था। यहां से दारा सिंह चौहान के सपा से बीजेपी में जाने पर यह सीट खाली हुई थी।