चंद्रग्रहण की वजह से विश्व प्रसिद्ध मां गंगा की आरती के समय में बदलाव

वाराणसी, तीन मार्च को वर्ष का पहला चंद्रग्रहण लगने वाला है जिसको ध्यान में रखते हुए दशाश्वमेध घाट पर विश्व-विख्यात माँ गंगा की दैनिक आरती का समय बदल दिया गया है। सामान्यतः शाम 6:15 बजे शुरू होने वाली यह आरती अब शाम 7:30 बजे से प्रारंभ होगी, जो ग्रहण के मोक्ष काल (समापन) के बाद होगी।

गंगा सेवा निधि के अध्यक्ष सुशांत मिश्रा ने बताया कि चंद्रग्रहण के कारण काशी में माँ गंगा की आरती का समय परिवर्तित किया गया है। भारतीय समयानुसार चंद्रग्रहण 3 मार्च को दोपहर 3 बजकर 20 मिनट पर शुरू होगा और शाम 6 बजकर 46-47 मिनट के आसपास समाप्त होगा।

धार्मिक मान्यताओं के अनुसार ग्रहण का सूतक काल 9 घंटे पहले से लागू हो जाता है, इसी कारण आरती का समय बदला गया है। गौरतलब है कि पिछले वर्ष 2025 में 7 सितंबर को चंद्रग्रहण के कारण माँ गंगा की दैनिक आरती दोपहर 12 बजे संपन्न कराई गई थी। यह बदलाव 35 वर्षों में छठी बार हो रहा है। इससे पहले 28 अक्तूबर 2023, 16 जुलाई 2019, 27 जुलाई 2018 और 7 अगस्त 2017 को भी चंद्रग्रहण के कारण आरती समय में बदलाव किया गया था।

Related Articles

Back to top button