Breaking News

चिराग पासवान ने कहा ,बिहार में एकजुट रहेगा राजग….

नयी दिल्ली, लोक जनशक्ति पार्टी (लोजपा) के नेता चिराग पासवान ने आज कहा कि भाजपा के नेतृत्व वाला राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) बिहार में एकजुट रहेगा और विश्वास जताया कि उनकी पार्टी को राज्य में ‘‘सम्मानजनक संख्या’’ में सीटों पर चुनाव लड़ने का मौका मिलेगा।

लोजपा के अध्यक्ष और पार्टी के संसदीय बोर्ड के प्रमुख रामविलास पासवान के बेटे चिराग पासवान भाजपा अध्यक्ष अमित शाह से मिले थे। इससे एक दिन पहले शाह बिहार के मुख्यमंत्री और जदयू अध्यक्ष नीतीश कुमार से मिले थे और दोनों ने घोषणा की थी कि दोनों दल समान सीटों पर चुनाव लड़ेंगे।

राजग के सूत्रों ने पीटीआई से कहा कि शाह ने चिराग पासवान और राष्ट्रीय लोक समता पार्टी (आरएलएसपी) के उपेंद्र कुशवाहा सहित गठबंधन में शामिल दलों के नेताओं से बातचीत की है। वह कुछ दिनों में राज्य में चार दलों (भाजपा, जदयू, लोजपा और आरएलएसपी) में सीटें साझा करने के समझौते की घोषणा करने की दिशा में काम कर रहे हैं।