छठे चरण की पांच सीट पर इंडिया गठबंधन के प्रत्याशी पहली बार लोकसभा के रण में उतरेंगे

पटना,  बिहार में लोकसभा चुनाव के छठे चरण में इंडिया गठबंधन के प्रत्याशी पांच सीट शिवहर, सीवान, पश्विम चंपारण, पूर्वी चंपारण और गोपालगंज (सु) में पहली बार चुनावी रणभूमि में ताल ठोकते नजर आयेंगे।

बिहार लोकसभा चुनाव में छठे चरण का मतदान 25 मई को महाराजगंज, पूर्वी चंपारण,वैशाली, पश्चिम चंपारण, गोपालगंज (सु), वाल्मीकिनगर ,शिवहर और सीवान में होने जा रहा हैं। इनमें से दो सीट शिवहर और सीवान की वर्तमान महिला सांसद को राजग ने बेटिकट कर दिया है जबकि अन्य छह सीट पर राजग के वर्तमान सांसद चुनावी मैदान में डटे हैं। वर्ष 2019 के चुनाव में राजग ने सभी आठ सीट पर विजयी पताका लहराया था। महाराजगंज, पूर्वी चंपारण, पश्चिम चंपारण और शिवहर में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने जीत हासिल की। वहीं, वाल्मीकिनगर, सीवान और गोपालगंज (सु) में जनता दल यूनाईटेड (जदयू) तथा वैशाली में लोक जनशक्ति पार्टी (लोजपा) ने जीत का परचम लहराया था।

छठे चरण की पांच सीट शिवहर, सीवान, पश्विम चंपारण, पूर्वी चंपारण और गोपालगंज (सु) में इंडिया गठबंधन के प्रत्याशी पहली बार चुनावी रणभूमि में ताल ठोकते नजर आयेंगे।

शिवहर संसदीय सीट से इंडिया गठबंधन में शामिल राष्ट्रीय जनता दल (राजद) ने पूर्व मुखिया रितु जायसवाल को चुनावी अखाड़ा में उतारा है जबकि शिवहर संसदीय सीट से राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) में शामिल भाजपा ने अपनी की वर्तमान सांसद रमा देवी को बेटिकट कर दिया है। पूर्व मंत्री बृज बिहारी प्रसाद की पत्नी भाजपा नेत्री रमा देवी ने लगातार तीन बार वर्ष 2009, 2014 और 2019 में शिवहर में भाजपा का ‘केसरिया’ लहराया था।राजग में सीटों में तालमेल शिवहर सीट इस बार जदयू को मिली है। जदयू ने यहां पूर्व सांसद आनंद मोहन सिंह की पत्नी लवली आनंद को उम्मीदवार बनाया है। रितु जायसवाल पहली बार लोकसभा के रण में अपनी किस्मत आजमां रही हैं। पूर्व सांसद लवली आनंद और पूर्व मुखिया रितु जायसवाल की चुनावी लड़ाई बेहद दिलचस्प होगी। इस बार के चुनाव में शिवहर एकमात्र सीट है, जहां राजग और इंडिया गठबंधन की दो महिला प्रत्याशी के बीच मुकाबला होगा। शिवहर संसदीय सीट से जदयू, राजद, बहुजन समाज पार्टी (बसपा),ऑल इंडिया मजलिस-ए-इत्तेहादुल मुस्लिमीन समेत 12 प्रत्याशी चुनावी मैदान में है।
सीवान संसदीय सीट से राजद ने अपने दिग्गज नेता पूर्व विधानसभा अध्यक्ष और छह बार के विधायक अवध बिहारी चौधरी को चुनावी अखाड़े में उतारा है। वहीं राजग में शामिल (जदयू) ने वर्तमान सांसद कविता सिंह को बेटिकट कर पूर्व विधायक रमेश सिंह कुश्वाहा की पत्नी विजया लक्ष्मी देवी को उम्मीदवार बनाया है।पूर्व बाहुबली सांसद मोहम्मद शाहबुद्दीन की पत्नी हिना शहाब निर्दलीय चुनावी रण में डटी हैं। सीवान में त्रिकोणीय जंग देखने को मिलेगी।सीवान संसदीय सीट से राजद, जदयू, बहुजन समाज पार्टी, नौ निर्दलीय समेत 13 प्रत्याशी चुनावी मैदान में है।
पश्चिम चंपारण सीट से इंडिया गठबंधन के घटक कांग्रेस ने पूर्व विधायक मदन मोहन तिवारी को अपना उम्मीदवार बनाया है।वहीं इस सीट पर पूर्व सांसद मदन प्रसाद जायसवाल के पुत्र वर्तमान सांसद डा.संजय जायसवाल चुनावी चौका लगाने की फिराक में है।श्चिम चंपारण संसदीय सीट से भाजपा, कांग्रेस , बहुजन समाज पार्टी, समेत 08 प्रत्याशी चुनावी मैदान में है।
पूर्वी चंपारण सीट से इंडिया गठबंधन में शामिल विकासशील इंसान पार्टी (वीआईपी) के टिकट पर पूर्व विधायक डा. राजेश कुशवाहा प्रत्याशी हैं। वहीं इस सीट से भाजपा के वर्तमान सांसद राधा मोहन सिंह चौथी बार चुनाव लड़ रहे हैं। पूर्वी चंपारण सीट से श्री सिंह जीत की हैट्रिक लगा चुके हैं। वह मोतिहारी सीट से भी तीन बार सांसद रहे हैं। पूर्वी चंपारण संसदीय सीट से भाजपा,वीआईपी ,छह निर्दलीय समेत 12 प्रत्याशी चुनावी मैदान में है।
गोपालगंज (सु) सीट से इंडिया गठबंधन में शामिल (वीआईपी) ने प्रेमनाथ चंचल उर्फ चंचल पासवान को अपना उम्मीदवार बनाया है। श्री चंचल भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के अनुसूचित जाति मोर्चा जिलाध्यक्ष ई. सुदामा मांझी के पुत्र हैं। वहीं जदयू के वर्तमान सांसद आलोक कुमार सुमन दूसरी बार जीत के लिये प्रयासरत हैं।ऑल इंडिया मजलिस-ए-इत्तेहादुल मुस्लिमीन (एआईएमआईएम) प्रत्याशी दीनानाथ मांझी यहां मुकाबले को त्रिकोणीय बनाने में लगे हैं। गोपालगंज (सु) सीट से जदयू,वीआईपी ,बहुजन समाज पार्टी (बसपा),(एआईएमआईएम) समेत 11 प्रत्याशी चुनावी मैदान में है।
वैशाली संसदीय सीट से राजग के घटक दल लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास) पार्टी की वतर्मान सांसद वीणा देवी दूसरी बार जीत के लिये ललायित है, वहीं इंडिया गठबंधन में शामिल राष्ट्रीय जनता दल (राजद) ने पूर्व बाहुबली विधायक विजय शुक्ला उर्फ मुन्ना शुक्ला पर दाव लगाया है। राजद प्रत्याशी विजय शुक्ला तीसरी बार वैशाली के लोकसभा के रण में उतरे हैं। इससे पूर्व दो बार उन्हें मात मिली थी।।वैशाली संसदीय सीट से लोजपा(रामविलास), राजद, बहुजन समाज पार्टी, पांच निर्दलीय समेत 15 प्रत्याशी चुनावी मैदान में है।
वाल्मीकिनगर सीट पर वर्ष 2019 के चुनाव में राजग में शामिल जनता दल यूनाईटेड (जदयू) प्रत्याशी वैधनाथ प्रसाद महतो और महागठबंधन के प्रत्याशी पूर्व मुख्यमंत्री केदार पांडेय के पौत्र और पूर्व सांसद स्वर्गीय मनोज पांडेय के पुत्र शाश्वत केदार के बीच मुकाबला हुआ। इस चुनाव में जदयू के वैद्यनाथ महतो ने जीत हासिल की। वैद्यनाथ महतो के निधन के बाद वर्ष 2020 में हुये उपचुनाव में उनके पुत्र जदयू प्रत्याशी सुनील कुमार ने जीत हासिल की थी। इस बार के चुनाव में राजग में शामिल जदयू उम्मीदवार। वर्तमान सांसद सुनील कुमार फिर चुनावी रणभूमि में ताल ठोक रहे हैं, वहीं इंडिया गठबंधन गठबंधन में शामिल राजद प्रत्याशी दीपक यादव चुनावी मैदान में डटे हैं।वाल्मीकीनगर संसदीय सीट से जदयू, राजद,समेत 10 प्रत्याशी चुनावी मैदान में है।
महाराजगंज संसदीय सीट से भाजपा के वर्तमान सांसद जर्नादन सिंह सिग्रीवाल जीत की हैट्रिक लगाने की फिराक में हैं, वहीं इंडिया गठबंधन के घटक दल कांग्रेस ने यहां पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष अखिलेश प्रसाद सिंह के पुत्र आकाश कुमार सिंह को प्रत्याशी बनाया है। महाराजगंज सीट से भाजपा,कांग्रेस,आल इंडिया मजलिस-ए-इत्तेहादुल मुस्लिम लीग समेत पांच प्रत्याशी चुनावी मैदान में डटे हैं।
छठे चरण के चुनाव में कुल 86 प्रत्याशी चुनावी मैदान में जीत के इरादे से अपनी-अपनी किस्मत आजमायेंगे। हालांकि बाजी किसके नाम होगी यह तो 04 जून को नतीजे आने के बाद ही स्पष्ट हो पायेगा।

Related Articles

Back to top button