छल से शादी करने ,धर्मपरिवर्तन का आरोपी गिरफ्तार

रायबरेली, उत्तर प्रदेश के रायबरेली के सलोन इलाके में नाबालिग को बहला-फुसलाकर शादी, धर्म परिवर्तन व दुष्कर्म करने का आरोपी गिरफ्तार किया गया है।

पुलिस सूत्रों से बुधवार को मिली जानकारी के अनुसार थाना सलोन क्षेत्र में नाबालिग को बहला-फुसलाकर शादी करने, उसका धर्म परिवर्तन कराने तथा दुष्कर्म करने के आरोप में एक युवक को सलोन के लालापुर तिराहे से गिरफ्तार किया गया है।

पुलिस के मुताबिक 13 दिसंबर 2025 को थाना सलोन में पीड़िता की तहरीर पर मामला दर्ज किया गया था। आरोप है कि युवक ने नाबालिग को अपने प्रभाव में लेकर शादी की और उसके साथ दुष्कर्म किया। मामले में दुष्कर्म, मारपीट, आपराधिक धमकी, नाबालिग से संबंधित लैंगिक अपराध तथा अवैध धर्म परिवर्तन से जुड़ी धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया था।

जांच के दौरान पर्याप्त साक्ष्य मिलने पर पुलिस ने बुधवार को आरोपी समीर पुत्र मुस्तकीम निवासी ग्राम चौरी का पुरवा मजरे खरवापुर थाना सलोन, जिला रायबरेली को गिरफ्तार कर लिया।

पुलिस का कहना है कि आरोपी के विरुद्ध विधिक कार्रवाई करते हुए उसे न्यायालय के समक्ष पेश किया गया है। मामले की आगे की जांच जारी है।

Related Articles

Back to top button