छात्रवृत्ति से सशक्त बने होनहार विद्यार्थियों का सम्मान

लखनऊ,  मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में प्रदेश सरकार द्वारा संचालित छात्रवृत्ति योजनाएं जरूरतमंद और मेधावी विद्यार्थियों के जीवन में सकारात्मक बदलाव ला रही हैं। इन्हीं योजनाओं से लाभ लेकर शिक्षा और रोजगार के क्षेत्र में सफलता हासिल करने वाले विद्यार्थियों का रविवार को सम्मान किया गया।

इस अवसर पर शिवम चंद्र, श्रुति शुक्ला, अंकित यादव, सौमित्र यादव, मोहम्मद अनस अहमद और शुभम कुमार को सम्मानित किया गया। इन छात्रों ने छात्रवृत्ति का सदुपयोग कर न केवल अपनी पढ़ाई पूरी की, बल्कि आत्मनिर्भर बनकर समाज के लिए प्रेरणास्रोत भी बने।

सम्मान समारोह के दौरान विद्यार्थियों ने मुख्यमंत्री के समक्ष अपनी प्रेरक सफलता की कहानियां साझा कीं और छात्रवृत्ति योजना को अपनी उपलब्धियों का महत्वपूर्ण आधार बताया। सम्मानित छात्रा श्रुति शुक्ला ने कहा कि वर्ष 2020 में अटल बिहारी वाजपेई नगर निगम डिग्री कॉलेज से स्नातक की पढ़ाई के दौरान मिली छात्रवृत्ति ने उन्हें आर्थिक संबल प्रदान किया। इसी सहायता के बल पर वह अपनी शिक्षा पूरी कर सकीं। वर्तमान में वह उत्तर प्रदेश राज्य विद्युत उत्पादन निगम में कंप्यूटर सहायक के पद पर कार्यरत हैं। उन्होंने अपनी सफलता का श्रेय मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और समाज कल्याण विभाग को दिया।

इसी तरह सम्मानित छात्र अंकित यादव ने बताया कि वह वर्तमान में एक सॉफ्टवेयर इंजीनियर के रूप में कार्य कर रहे हैं। उन्होंने वर्ष 2024 में इंटीग्रल यूनिवर्सिटी से इंजीनियरिंग की पढ़ाई पूरी की। मध्यमवर्गीय परिवार से होने के कारण आर्थिक कठिनाइयों के बीच छात्रवृत्ति योजना उनके लिए संबल बनी। उन्होंने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, समाज कल्याण मंत्री असीम अरुण और प्रदेश सरकार के प्रति आभार व्यक्त किया।

छात्रों ने कहा कि सरकार की छात्रवृत्ति योजनाएं युवाओं को शिक्षा के माध्यम से आत्मनिर्भर और सशक्त बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही हैं।

Related Articles

Back to top button