Breaking News

जमीनी विवाद के चलते ससुर ने बहू मारी गोली

अमरोहा, उत्तर प्रदेश में अमरोहा के बछरायूं क्षेत्र में जमीनी विवाद के चलते ससुर ने अधिवक्ता पुत्रवधू को गोली मारकर लहूलुहान कर दिया।

पुलिस प्रवक्ता ने बताया कि अमरोहा के बछरायूं खंड विकास कार्यालय के सामने स्थित मकान पर कब्जे को लेकर जारी विवाद में कल्लू सिंह नामक व्यक्ति ने अपनी पुत्रवधू पुष्पा को गोली मार दी। गोली सिर और सीने में लगने से बेहद नाजुक हालात में पुत्रवधू को मेरठ रेफर किया गया है।

उन्होने बताया कि थाना रजबपुर (अमरोहा) के गांव मोहम्मदपुर निवासी पुष्पा की शादी थाना बछरायूं के गांव हासमपुर लंबिया निवासी कल्लू सिंह के पुत्र गुरेंद्र के साथ लगभग छह वर्ष पूर्व हुई थी। शादी के बाद से ही पुष्पा व ससुराल पक्ष के बीच विवाद चल रहा था। दहेज का मुकदमा भी अदालत में विचाराधीन है। फिलहाल तहसील मुख्यालय के सामने जिस मकान में पुत्रवधू रह रही है वह ससुर द्वारा बनवाया गया है।

बताया जाता है कि इस मकान पर कब्जे को लेकर पुष्पा व ससुरालियों के बीच विवाद चला रहा था।एक हफ्ते पहले भी वहां पर मारपीट हुई थी। बृहस्पतिवार की सुबह पुनः विवाद को लेकर कहासुनी हो जाने पर आरोप है कि आवेश में आकर ससुर कल्लू सिंह ने अधिवक्ता पुत्रवधू पुष्पा पर फायर झोंक दिया।जिससे पुष्पा के सिर और सीने में गोली लगने से लहुलुहान हो गई।