Breaking News

जम्मू-कश्मीर के उपमुख्यमंत्री बोले, ‘एलओसी पर स्थिति बहुत खराब’

जम्मू,  जम्मू कश्मीर विधानसभा में आज नियंत्रण रेखा पर पाकिस्तानी गोलीबारी का मुद्दा उठाते हुये भाजपा और माकपा सहित अन्य सदस्यों ने हंगामा किया । उप मुख्यमंत्री डॉक्टर निर्मल सिंह को भी कहना पड़ा कि स्थिति ‘‘बहुत खराब’’ हे ।

निर्मल सिंह ने कहा कि प्रशासन को राजौरी में नियंत्रण रेखा से आने वाले लोगों को सुरक्षित आश्रय गृह और अन्य सुविधाएं मुहैया कराने का निर्देश दिया गया है।  विधानसभा में प्रश्नकाल के दौरान भाजपा विधायक रविन्दर रैना ने कहा, ‘‘मेरे नौशेरा विधानसभा में नियंत्रण रेखा पर भारी गोलाबारी हो रही है जिसमें लोग परेशान हैं और लोगों को अपने घरों को छोड़ने को मजबूर होना पड़ रहा है।

उन्होंने बताया कि सीमावर्ती इलाकों में स्कूल बंद हैं और घरों को नुकसान पहुंचा है। उन्होंने इस आपात स्थिति के लिए सरकार से जवाब मांगा। रैना ने नौशेरा सेक्टर में स्थिति का आकलन करने के लिए एक मंत्रीस्तरीय टीम भेजने की मांग की।  माकपा सदस्य एमवाई तारिगामी और भाजपा सदस्यों ने उनका समर्थन किया।

इस मुद्दे पर जवाब देते हुये उप मुख्यमंत्री ने कहा, ‘‘पाकिस्तानी गोलीबारी के कारण नियंत्रण रेखा पर स्थिति बहुत खराब है। गोलीबारी के कारण लोगों ने पलायन किया है।’’ उन्होंने कहा कि प्रशासन को सभी आवश्यक सुविधाएं मुहैया कराने और नियंत्रण रेखा पर लोगों की सुरक्षा सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया है।

पाकिस्तान द्वारा जम्मू, कठुआ और सांबा जिलों में अंतरराष्ट्रीय सीमा  पर और पुंछ एवं राजौरी जिलों में नियंत्रण रेखा पर 18 से 22 जनवरी के बीच की गई गोलीबारी के कारण सात नागरिक सहित 14 लोग मारे गये थे और 70 से अधिक लोग घायल हो गये थे। इस घटना के बाद सीमावर्ती इलाके से हजारों लोगों को विस्थापित होना पड़ा। गोलीबारी को देखते हुये एहतियाती उपाय के तहत पिछले सप्ताह एलओसी और आईबी पर 300 से अधिक स्कूलों को बंद कर दिया गया था।
जम्मू कश्मीर के उरी सेक्टर में अग्रिम भारतीय चौकियों पर गोलीबारी करके पाकिस्तान जवानों ने कल भी संघर्ष विराम का उल्लंघन किया था।