Breaking News

जम्मू-कश्मीर के छह जिलों में अगले 24 घंटों के दौरान हिमस्खलन की चेतावनी

श्रीनगर,  जम्मू-कश्मीर के छह जिलों के पर्वतीय इलाकों में अगले 24 घंटों के दौरान हिमस्खलन की चेतावनी जारी की गयी है। जम्मू-कश्मीर आपदा प्रबंधन प्राधिकरण (जेकेडीएमए) ने शुक्रवार को यह चेतावनी जारी की।

उत्तरी कश्मीर के बांदीपुरा जिले और मध्य कश्मीर के गांदरबल जिले में अगले 24 घंटों में 2300 मीटर से ऊपर “कम खतरनाक” स्तर वाला हिमस्खलन होने के आसार हैं।

प्रदेश के डोडा, किश्तवाड़, पुंछ और रामबन जिलों में अगले 24 घंटों के दौरान 2300 मीटर से ऊपर रहने वाले लोगों के लिए भी इसी तरह की चेतावनी जारी की गयी है।

जेकेडीएमए ने लोगों को सावधानी बरतने और अगले आदेश तक हिमस्खलन संभावित क्षेत्रों में जाने से बचने की सलाह दी है।
प्रदेश के ऊपरी इलाकों में पिछले कई दिनों के दौरान मध्यम से भारी हिमपात हुआ है, जिसके कारण अधिकारियों ने आज एहतियात के तौर पर लोगों के लिए हिमस्खलन की चेतावनी जारी की है।

अधिकारियों ने इन जिलों में रहने वाले लोगों से किसी भी आपात स्थिति में मदद के लिए 112 नंबर डायल करने की सलाह दी है।