जवाब देने से भागने वाला बजट है : संजय सिंह

लखनऊ, केंद्रीय बजट 2026 पर प्रतिक्रिया देते हुए आम आदमी पार्टी (आप) के उत्तर प्रदेश प्रभारी एवं राज्यसभा सांसद संजय सिंह ने मोदी सरकार पर तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा कि यह बजट जवाब देने से भागने वाला है और सरकार को अब देश की जनता को अपने वादों का हिसाब देना होगा।

रविवार को एक बयान जारी कर संजय सिंह ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने हर साल दो करोड़ नौकरियों का वादा किया था। 12 साल पूरे होने के बाद देश का युवा 24 करोड़ नौकरियों का हिसाब मांग रहा है, लेकिन बजट में बेरोज़गारी पर कोई ठोस जवाब नहीं दिया गया।

उन्होंने किसानों का मुद्दा उठाते हुए कहा कि उपज का दाम दोगुना करने का वादा अधूरा है। बजट में न एमएसपी की कानूनी गारंटी है, न कर्ज़ राहत और न ही किसानों की आय बढ़ाने की ठोस योजना। महंगाई पर सरकार की चुप्पी पर सवाल उठाते हुए उन्होंने कहा कि गैस, राशन, दवा, शिक्षा और इलाज की बढ़ती कीमतों से आम आदमी परेशान है।

संजय सिंह ने आरोप लगाया कि सरकार ने देश की आर्थिक व्यवस्था को कमजोर किया है। उन्होंने कहा कि आम आदमी पार्टी इस बजट को खारिज करती है और युवाओं, किसानों व आम जनता से किए गए हर वादे का सार्वजनिक हिसाब मांगती है।

Related Articles

Back to top button