Breaking News

जानिए कौन होगा देश का 50वा मुख्य न्यायाधीश

नयी दिल्ली, राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने उच्चतम न्यायालय के वरिष्ठतम न्यायाधीश न्यायमूर्ति डी. वाई. चंद्रचूड़ को अगला मुख्य न्यायाधीश नियुक्त किया है।

केंद्रीय विधि एवं न्याय मंत्रालय के विधि विभाग ने न्यायमूर्ति चंद्रचूड़ की नियुक्ति से संबंधित एक अधिसूचना सोमवार को जारी की।

अधिसूचना के मुताबिक, राष्ट्रपति ने भारत के संविधान के अनुच्छेद 124 के खंड (2) द्वारा प्रदत्त शक्तियों का प्रयोग करते हुए सुप्रीम कोर्ट के जज (डॉ.) न्यायमूर्ति धनंजय यशवंत चंद्रचूड़ को नौ नवंबर 2022 से भारत के मुख्य न्यायाधीश नियुक्ति किया है।

भारत के वर्तमान मुख्य न्यायाधीश यू. यू. ललित ने 11 अक्टूबर को न्यायमूर्ति चंद्रचूड़ को अपना उत्तराधिकारी बनाने की सिफारिश केंद्र सरकार से की थी।

न्यायमूर्ति चंद्रचूड़ भारत के 50वें मुख्य न्यायाधीश होंगे। अगले महीने नौ तारीख को शपथ लेंगे और 10 नवंबर 2024 को सेवानिवृत्त होंगे।
शीर्ष अदालत की परंपरा के अनुसार सामान्य परिस्थितियों में वरिष्ठतम न्यायाधीश को मुख्य न्यायाधीश बनाने की परंपरा रही है। इस क्रम में न्यायमूर्ति ललित के बाद में न्यायमूर्ति चंद्रचूड़ आते हैं।

न्यायमूर्ति ललित ने 27 अगस्त 2022 को भारत के 49वें मुख्य न्यायाधीश के तौर पर शपथ ली थी। वह 74 दिनों के अपने संक्षिप्त कार्यकाल के बाद आठ नवंबर 2022 को सेवानिवृत्त होने वाले हैं।

न्यायमूर्ति ललित को अपने उत्तराधिकारी के नाम की सिफारिश के संबंध में राय देने के लिए केंद्र सरकार के विधि एवं न्याय मंत्रालय ने गत सात अक्टूबर को एक पत्र भेजा था।