लखनऊ , कांग्रेस अध्यक्ष का पद संभालने के बाद पहली बार अपने संसदीय क्षेत्र के दौरे पर जा रहे राहुल गांधी ने लखनऊ के निगोहां में अचानक अपने वाहनों का काफिला रुकवा दिया।
नई दिल्ली से सुबह लखनऊ पहुंचे राहुल गांधी का अमौसी एयरपोर्ट पर जोरदार स्वागत किया गया। इसके बाद वाहनों के काफिला के साथ वह रायबरेली होते हुए अमेठी के लिए रवाना हो गए।
राहुल गांधी ने लखनऊ के निगोहां में अचानक अपने वाहनों का काफिला रुकवा दिया। उन्होंने निगोहां में राम होटल पर अचानक रुकने के बाद वहां नाश्ता किया। उन्होंने चाय व पकौड़ी के साथ समोसा का भी लुत्फ उठाया।
इस दौरान उनके साथ उत्तर प्रदेश कांग्रेस के अध्यक्ष राज बब्बर तथा पूर्व विधायक अखिलेश प्रताप सिंह भी थे। इसके बाद कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी ने रायबरेली जिले की सीमा में प्रवेश करते ही चुरवा स्थित हनुमान मंदिर में दर्शन किये और प्रसाद ग्रहण किया।