आजमगढ़ , यूपी के नगर निकायों पर दशकों से काबिज भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष ने जब भाजपा के यूपी मे निकाय चुनाव लड़ने का कारण बताया तो वह किसी के गले नही उतरा। यह यूपी के नगर निकाय चुनाव जीतने के लिये किसी जुमले से कम नही है।
भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष डा0 महेन्द्र नाथ पाण्डेय ने कहा कि भाजपा विश्वस्तरीय नगरीय जनजीवन उपलब्ध कराने के लिए नगर निकाय का चुनाव लड़ रही है और उसे जनता का अपार समर्थन मिल रहा है। जिस प्रदेश मे नगर निकायों पर दशकों से काबिज रहने के बाद भी भारतीय जनता पार्टी लोगों को मूलभूत सुविधायें न उपलब्ध करा पायी हो वह विश्वस्तरीय नगरीय जनजीवन की सुविधायें देने की बात करे तो यह किसी मजाक से ज्यादा नही है।
महेन्द्र नाथ पाण्डेय आज कार्यकर्ताओं को सम्बोधित करने के बाद संवाददाताओं से बातचीत कर रहे थे। उन्होंने कहा कि बेहतर जनजीवन देने के उद्देश्य से पार्टी प्रदेश मुख्यालय पर 12 नवम्बर को अपना संकल्प पत्र जारी करेगी। संकल्प पत्र में नगरीय जन जीवन को विश्वस्तरीय बनाने का संकल्प होगा।
उन्होंने कहा कि पार्टी नगर निकाय चुनाव में पूरे प्रदेश में वार्ड से लेकर मेयर तक का चुनाव लड़ रही है और सभी कार्यकर्ता एकजुट हैं। जनता का अपार समर्थन मिल रहा है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के कार्यो को लोगों ने सराहा है इसलिए विरोधी कही भी नजर नहीं आ रहे हैं।
जीएसटी पर लोगों की नाराजगी के बारे में पूछे गये सवाल पर महेन्द्र नाथ पाण्डेय ने कहा कि जीएसटी को लेकर कठिनाई जरुर है लेकिन मोदी सरकार के बेहतर निर्णय से देश की अर्थव्यवस्था शीघ्र पटरी पर आ जाएगी। देश की मजबूत अर्थ व्यवस्था में इसका अहम रोल होगा।