Breaking News

डाक्टर के बुरे बर्ताव से नाराज कर्मियों ने अस्पताल में किया जमकर हंगामा

फिरोजाबाद, उत्तर प्रदेश के शिकोहाबाद एवं फिरोजाबाद के संयुक्त अस्पताल में एक महिला चिकित्सक के व्यवहार से नाराज कर्मचारियों ने मंगलवार को जमकर हंगामा किया।

प्राप्त जानकारी के अनुसार अस्पताल के फार्मासिस्ट और अन्य कर्मचारियों ने हड़ताल का ऐलान कर दिया। इससे अस्पताल की ओपीडी सेवाएं ठप हो गयीं। ये सभी कर्मचारी एक महिला चिकित्सक के व्यवहार से आहत थे। एक फार्मासिस्ट ने चिकित्सक पर दुर्व्यवहार का आरोप लगाया है। इस हंगामे के चलते तमाम बेबस मरीज बगैर इलाज के ही लौट गए।

मामले की जानकारी मिलते ही शिकोहाबाद के एसडीएम शिव ध्यान पांडेय और सीओ कमलेश कुमार अस्पताल पहुंचे। उन्होंने कर्मचारियों को समझा-बुझाकर मामला शांत कराया। कर्मचारियों ने एसडीएम को बताया कि चिकित्साकर्मियों के प्रति महिला डॉक्टर का बर्ताव उचित नहीं है। वह आये दिन कर्मचारियों से बदसलूकी करती रहती है।

एसडीएम ने कर्मचारियों को आश्वस्त किया कि वे इस मामले को उच्चाधिकारियों के संज्ञान में लायेंगे। अस्पताल के मुख्य चिकित्सा अधीक्षक डॉक्टर सत्यप्रकाश शर्मा का कहना है कि चिकित्सक और फार्मासिस्ट के बीच वैचारिक मतभेदों को बैठकर दूर कराया जा रहा है।