डीएम ने बच्चों के लिए विकसित किया अंग्रेज़ी सीखने का मोबाइल ऐप

देवरिया, उत्तर प्रदेश के देवरिया की जिलाधिकारी दिव्या मित्तल ने छोटे बच्चों को अंग्रेज़ी सिखाने के लिए एक अभिनव पहल करते हुए मोबाइल ऐप विकसित किया है।

जिलाधिकारी ने बताया कि बच्चों के लिए अंग्रेज़ी सीखना सरल और रोचक बनाने के उद्देश्य से “की की इंग्लिश” नामक मोबाइल ऐप को उन्होंने अपने पति के साथ मिलकर तैयार किया है। यह ऐप बच्चों को अंग्रेज़ी सुनने, समझने और दोहराने की प्रक्रिया के माध्यम से आत्मविश्वास के साथ बोलना सिखाती है, जिससे वे सहज रूप से संवाद करना सीख सकें।

उन्होंने कहा कि आज के समय में कई प्रतियोगी परीक्षाओं और अवसरों के लिए अंग्रेज़ी भाषा महत्वपूर्ण बन चुकी है। ऐसे में इसकी पहुंच केवल कुछ परिवारों तक सीमित न रहकर सभी बच्चों तक होनी चाहिए।

श्रीमती मित्तल ने बताया कि जब वे और उनके पति अपनी दो छोटी बेटियों को अंग्रेज़ी सिखा रहे थे, तब उनके मन में विचार आया कि जिन बच्चों के माता-पिता अंग्रेज़ी नहीं समझते या बोलते, उनके लिए भी कोई सरल माध्यम होना चाहिए। इसी सोच के तहत यह ऐप विकसित किया गया। उन्होंने यह भी बताया कि इस ऐप के निर्माण में उनकी दोनों बेटियों का भी योगदान रहा है।

Related Articles

Back to top button