डॉ. अंबेडकर की जयंती को गांव स्तर पर मनाएगी सपा : अखिलेश यादव

लखनऊ, समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने कहा है कि समाजवादी पार्टी ने निर्णय लिया है कि डॉ. बी.आर. अंबेडकर की जयंती को इस बार गांव स्तर पर मनाया जाएगा। इस दौरान संविधान पर मंडरा रहे “खतरे” और सामाजिक न्याय के मुद्दों पर चर्चा की जाएगी।
अखिलेश यादव ने शुक्रवार को कहा कि संविधान देश की बुनियाद है और इसे कमजोर करने की कोशिशें की जा रही हैं, जिन्हें समाजवादी लोग मिलकर रोकने का काम करेंगे।
उन्होंने पार्टी मुख्यालय में कार्यकर्ताओं की बैठक के बाद संवाददाता सम्मेलन को संबोधित करते हुए भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) सरकार पर तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा कि यह “अमृत काल” नहीं बल्कि “संकट काल” है, जहां संतों की हत्या तक हो रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा सरकार सौदागर की तरह काम कर रही है और हर चीज को बेचने में लगी है, जबकि उसका लक्ष्य केवल मुनाफा कमाना है।
अखिलेश यादव ने कहा, “हमें और आपको जो महंगाई देखने को मिल रही है भ्रष्टाचार की वजह से, भ्रष्टाचार के साथ-साथ तो मुनाफा ज्यादा कमा रहे हैं। उन्होंने कहा कि जिस तरह से 2024 में पीडीए के लोगों ने एकजुट होकर भारतीय जनता पार्टी का मुकाबला करके उन्हें हराया था। आने वाले समय में 2027 में बूथ स्तर पर काम करके बीजेपी को हरा कर समाजवादी सरकार बनाने का काम प्रदेश में करेंगे।”
उन्होंने कहा कानून व्यवस्था को चौपट करने का आरोप लगाते हुए उन्होंने कहा कि शिक्षा विभाग को खत्म कर दिया है।समाजवादी सरकार में अभिनव स्कूल जो बनाए गए थे, उसकी हालत किसी से छिपी नहीं है। कोरोना के समय समाजवादी सरकार का लैपटॉप शिक्षा का सहारा बना था।उन्होंने कहा कि यह शिक्षा को नहीं बढ़ाना चाहते हैं, यह रूढ़िवादी रखना चाहते हैं। एंबुलेंस में लोगों की जान जा रही है, गलत ऑपरेशन हो रहा है। जो जिंदा है उन्हें जहां पर मुर्दाघर होता है, वहां ले जा रहे हैं।
अखिलेश यादव ने कहा, “हम लोग सब मिलकर तकनीक का सहारा लेकर नकारात्मक प्रचार नहीं करेंगे, सकारात्मक रहेंगे। वह नकारात्मक लोग हैं, उनके अंदर और इतनी नकारात्मकता है कि उनके चेहरे पर आने लगी है। उन्होंने कहा कि भाजपा को जाना है, इसी वजह से आपने देखा होगा की अंदर झगड़ा शुरू हो गया है। सनातनी सरकार महिलाओं का अपमान कर रही है, हम अपील करते हैं आधी आबादी को, पीडीए को आगे बढ़ाएं, सरकार उनको सम्मानित करेगी।”
उन्होंने कहा कि किसानों के मुद्दे से ध्यान हटाने के लिए और मुद्दे सामने लाए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि भाजपा की सरकार में क्या उम्मीद करोगे आप, इन्हें सुगंध नहीं अच्छा लगता है, इन्हें दुर्गंध पसंद है। लखनऊ में रिवर फ्रंट का कुछ काम पूरा कर दिया होता तो आज कितना अच्छा होता। 10 साल में इन्होंने 1 इंच भी मेट्रो नहीं बढ़ाई और कह रहे हैं कि गोमती में वाटर मेट्रो चलाएंगे। इनसे कोई विकास की उम्मीद मत करिए।
बैलेट पेपर से चुनाव को लेकर उन्होंने कहा, “हमारा रुख बिल्कुल साफ है। अमेरिका जापान जर्मनी कई देश ऐसे हैं जो हमसे आगे हैं, उन देशों में बैलेट से वोट पड़ रहा है। इनको डर है कि जब ठप्पा गरीब मारेगा तो सरकार के खिलाफ गुस्सा निकालेगा।” उन्होंने कहा कि समाजवादी सरकार बनने पर यहां के विद्यार्थियों को आक्सफोर्ड भेजेंगे, जिससे वे यह देख कर आये कि छात्र संघ किस तरह काम करती है। लखनऊ में भी एक अन्तराष्ट्रीय सम्मेलन कराएंगे।





