Breaking News

दरियागंज में हुई हिंसा मामले में कई लोगों की गिरफ्तारी…

नयी दिल्ली,  नागरिकता संशोधन कानून और राष्ट्रीय नागरिकता रजिस्टर  के खिलाफ शुक्रवार शाम यहां दरियागंज में हुई हिंसा मामले में पुलिस ने 10 लोगों को गिरफ्तार किया है।पुलिस सूत्रों के मुताबिक गिरफ्तार लोगों पर हिंसा भड़काने, आगजनी करने और पुलिसकर्मियों को ड्यूटी निभाने से रोकने का आरोप लगाया गया है।

सीएए और एनआरसी के खिलाफ प्रदर्शन कर रहे लोग यहां दिल्ली गेट के पास हिंसक हो गये और इस दौरान एक वाहन में भी आग लगा दी। पुलिस के अनुसार दरियागंज में घंटों से एकत्र भीड़ शाम को हिंसक हो गयी। पुलिस ने लोगों को तितर-बितर करने के लिए पानी की बौछारें छोड़ी लेकिन बड़ी संख्या में लोग दरियागंज में जमा हो गये।

प्रदर्शन को देखते हुए मंडी हाउस से आईटीओ की ओर जाने वाली सड़कों पर यातायात रोक दिया गया। इसके साथ लोगों की आवाजाही को नियंत्रित करने तथा सुरक्षा कारणों से पुरानी दिल्ली के चावड़ी बाजार, लाल किला, जामा मस्जिद दिल्ली गेट समेत 17 मेट्रो स्टेशनों को बंद किया गया। विभिन्न छात्र संगठनों की ओर से इंडिया गेट के निकट शाम के विरोध प्रदर्शन के मद्देनजर इन मेट्रो स्टेशनों को बंद किया गया।