दलित बुजुर्ग की चाकू मारकर हत्या, आरोपी गिरफ्तार

भदोही, उत्तर प्रदेश में भदोही जिले के चौरी थाना क्षेत्र में बुधवार शाम एक दलित बुजुर्ग की चाकू मारकर हत्या कर दी गई। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।
पुलिस सूत्रों ने बताया कि जगदीशपुर सुजान गांव निवासी बच्चन गौतम (70) पर उस समय हमला किया गया, जब वह बरदहां के पाल चौराहा स्थित एक दुकान पर अपने मित्र अशोक दुबे के साथ चाय पी रहे थे। इसी दौरान गांव का ही सरवन कुमार (28) वहां पहुंचा और बच्चन पर चाकू से ताबड़तोड़ वार कर दिए। हमले के दौरान बीच-बचाव करने पर अशोक दुबे भी घायल हो गए। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी चाकू लहराते हुए मौके से फरार हो गया।
सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची। ग्रामीणों की मदद से घायल बच्चन गौतम को भदोही के एक निजी अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। वहीं, त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी सरवन कुमार को गिरफ्तार कर न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया गया है।




