दस बार किशोरी को काले सर्प ने डसा,दहशतजदा परिवार घर छोड़ कर भागा

कौशांबी, उत्तर प्रदेश में कौशांबी जिले के सिराथू क्षेत्र में एक किशोरी को एक के बाद एक दस बार सांप के डसने से दहशत में आया परिवार घर द्वार छोड़ कर गांव से पलायन कर गया।
सूत्रों के अनुसार सिराथू क्षेत्र के भैंसहापर गांव निवासी राजेंद्र की पुत्री रिया (15) को सांप ने पहली बार 22 जुलाई को खेत में काट लिया था। उपचार के बाद वह ठीक हो गई थी। तब से लगातार घर में काम करते समय या स्नान करते समय अचानक काला सांप आकर रिया के पैर में काट लेता है और भाग कर छिप जाता है। आज सुबह दसवीं बार रिया को सांप ने काट लिया। इस बार भी उपचार के बाद रिया सुरक्षित है।
दहशत में आकर रिया के परिजन आज अपना ठिकाना छोड़ कर दूसरे जगह चले गये है। मुख्य चिकित्साधिकारी संजय कुमार ने बताया कि सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र सिराथू में सर्पदंश के उपचार के लिए पर्याप्त मात्रा दवा उपलब्ध है। स्वास्थ्य टीम भी रिया के घर गई थी। उन्होंने बताया रिया के परिजनों का कहना है कि सर्प केवल रिया को दिखाई देता है और अचानक आकर काट कर भाग जाता है।





