दहेज हत्या के आरोप में पिता-पुत्र गिरफ्तार

प्रतापगढ़, उत्तर प्रदेश के प्रतापगढ़ जिले में कोतवाली नगर पुलिस ने दहेज हत्या के मामले में आरोपी पिता-पुत्र को गिरफ्तार कर लिया है।
पुलिस सूत्रों के अनुसार कोतवाली नगर पुलिस ने शनिवार को मनोज मिश्रा और उसके पुत्र शोभित कुमार मिश्रा निवासी दहिलामऊ थाना कोतवाली नगर को उनके घर के पास से गिरफ्तार किया।
आरोप है कि सांगीपुर क्षेत्र के ग्राम पूरे निवासी जीएन पाण्डेय ने अपनी पुत्री का विवाह 13 मई 2021 को कोतवाली नगर क्षेत्र के ग्राम शुकुलपुर दहिलामऊ निवासी शाेभित मिश्रा से किया था। विवाह के बाद पति, सास-ससुर और ननदों द्वारा अतिरिक्त दहेज की मांग को लेकर महिला को प्रताड़ित किया जाता था।
परिजनों के अनुसार पिछली शुक्रवार को सूचना मिली कि महिला ने फांसी लगा ली है। इस पर वादी ने आरोप लगाया कि ससुराल पक्ष के लोगों ने मिलकर उसकी पुत्री की हत्या कर उसे आत्महत्या का रूप दे दिया।
इस संबंध में थाना कोतवाली नगर में बीएनएस की धारा 85, 115(2), 352, 351(2), 80(2) तथा दहेज एक्ट 1961 की धारा 3/4 के अंतर्गत पांच नामजद आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है। पुलिस मामले में अन्य आरोपियों की तलाश कर रही है।




